जहानाबाद शहर स्थित फ्लाइंग कलर्स एकेडमी में शनिवार को पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) का आयोजन किया गया। इस दौरान अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, व्यवहार और अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों की मार्कशीट अभिभावकों के साथ साझा कर उनकी पढ़ाई और विकास पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विद्यालय के निदेशक, प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक शामिल हुए। इस अवसर पर शिक्षकों ने प्रत्येक बच्चे की उपलब्धियों, कमियों और सुधार की संभावनाओं पर अभिभावकों से खुलकर बातचीत की। साथ ही बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए घर और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और शिक्षण पद्धति की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल में बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि खेल-खेल में पढ़ाई, रचनात्मक गतिविधियों और व्यक्तिगत मार्गदर्शन के कारण बच्चों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। कई अभिभावकों ने कहा कि उनके बच्चे ने कुछ ही महीनों में पढ़ाई, व्यवहार और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय प्रगति की है। विद्यालय के संचालक मोनल प्रवाल ने कहा कि बच्चों का प्रारंभिक शिक्षा काल उनके जीवन की सबसे महत्वपूर्ण नींव होता है। इसी आधार पर उनका भविष्य तय होता है। इसलिए विद्यालय में योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों का चयन किया जाता है, जो बच्चों को केवल पढ़ाते ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने बच्चों की तरह स्नेह और धैर्य के साथ समझते भी हैं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को अक्षर ज्ञान, चित्रकला, भाषा, पहचान और व्यवहारिक शिक्षा देने के लिए शिक्षकों को काफी मेहनत करनी पड़ती है। इस उम्र में बच्चों को प्यार और सकारात्मक माहौल के साथ सीखने का अवसर देना आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

मोनल प्रवाल ने बताया कि विद्यालय में प्रत्येक तीन से छह महीने के अंतराल पर पेरेंट्स-टीचर मीटिंग आयोजित की जाती है, ताकि बच्चों की प्रगति का नियमित मूल्यांकन हो सके और समय रहते उनकी कमियों को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर संस्कार प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की पूरी टीम इस बात का विशेष ध्यान रखती है कि किसी भी अभिभावक को बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन या शिक्षण गुणवत्ता को लेकर शिकायत का अवसर न मिले। उनका लक्ष्य है कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाला प्रत्येक बच्चा अपने परिवार, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करे।
Jehanabad News: Parent-Teacher Meeting held at Flying Colors Academy; discussions focused on children’s academic progress and all-round development.


















