जहानाबाद जिले के कल्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत किनारी और ताली गांव के बीच सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान भुवन कुमार के रूप में हुई है, जो मसौढ़ी थाना क्षेत्र के बैरमपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भुवन कुमार घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना कल्पा थाना को दी। सूचना मिलते ही कल्पा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल, जहानाबाद में भर्ती कराया।
पुलिस द्वारा घायल युवक के पास मौजूद मोबाइल फोन के माध्यम से उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बताया कि युवक के सिर में गंभीर और गहरी चोट लगी है, जिससे उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने ऑफ कैमरा जानकारी देते हुए बताया कि घायल की हालत को देखते हुए बेहतर और विशेष इलाज के लिए उसे पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया जा रहा है। फिलहाल सदर अस्पताल में आवश्यक प्राथमिक उपचार कर दिया गया है और इसके बाद घायल युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं परिजन घायल युवक को लेकर पटना के लिए रवाना होने की तैयारी में हैं।
Jehanabad News: Youth seriously injured in road accident, referred to PMCH Patna for better treatment
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












