जहानाबाद जिले के दिव्यांग युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय, जहानाबाद द्वारा एक विशेष एक दिवसीय सेमिनार एवं रोजगार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 11 दिसंबर 2025 को बुनियाद केन्द्र, जहानाबाद में आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य निःशक्त (दिव्यांग) अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
इस सेमिनार में Ujjivan Small Finance Bank और Youth 4 Jobs Foundation, पटना के माध्यम से उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के पश्चात नौकरी पर रखा जाएगा। इस नौकरी के लिए अनुमानित वेतन करीब 20,278 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है, जो युवाओं के लिए एक बड़ी राहत और अवसर साबित हो सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस शिविर में CRO (फील्ड जॉब) के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं या इंटरमीडिएट पास रखी गई है। आयु सीमा अधिकतम 30 वर्ष निर्धारित की गई है। कार्यस्थल मुख्य रूप से जहानाबाद (50 किलोमीटर की परिधि के भीतर) तथा पटना रहेगा।
इस पद के लिए 30 प्रतिशत सीटें दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी। उम्मीदवार के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बाइक होना अनिवार्य होगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि इस नौकरी शिविर में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों का NCS (National Career Service) पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है और किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी से आग्रह किया गया है कि इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सभी प्रमुख समाचार पत्रों और माध्यमों से कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांग बेरोजगार युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।
यह पहल न केवल दिव्यांग युवाओं के लिए रोजगार का रास्ता खोलेगी, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
Jehanabad News: Golden opportunity for disabled youth, special job camp to be held on December 11
Author: Barun Kumar
I am Journalist covering News around Jehanabad and Bihar












