जहानाबाद जिले के कई वार्डों में गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। वार्ड संख्या 9, 10, 11, 12, 14 और 15 में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण जब पंप ऑपरेटर और पंप खलासी के पास पहुंचे, तो उन्होंने बताया कि हाई वोल्टेज की वजह से दो मोटर जल गई हैं, जबकि तीसरी मोटर चाबी खोलने के दौरान चाबी टूट जाने से खराब हो चुकी है। इस तरह फिलहाल तीनों मोटरें बंद पड़ी हैं, जिसके कारण पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार मोटर चालू करने के बाद पंप ऑपरेटर मौके पर मौजूद नहीं रहते, जिससे तकनीकी गड़बड़ियां समय रहते ठीक नहीं हो पातीं और हर महीने यह समस्या दोहराई जा रही है। कुछ ग्रामीणों ने इसमें गंभीर लापरवाही की भी आशंका जताई है।
जल संकट के कारण लोगों को दूर-दराज के इलाकों से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। इस स्थिति में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि जब तक मोटर की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक टैंकर या वैकल्पिक साधनों से पानी की व्यवस्था कराई जाए।
पंप ऑपरेटर का कहना है कि मोटर खराब होने की सूचना वार्ड पार्षद और नगर परिषद को दे दी गई है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई शुरू नहीं की गई है। ऐसे में यह सवाल खड़ा हो रहा है कि इस समस्या के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है और व्यवस्था में चूक कहां हुई — यह जांच का विषय है।
फिलहाल इस पर अधिकारी बयान आना बाकी है
Jehanabad News: Several wards in Jehanabad are facing severe water crisis, with all three motors out of order and a water crisis.
Author: Barun Kumar
I am Journalist covering News around Jehanabad and Bihar












