जहानाबाद: “बुलडोजर नहीं, पर्चा दो – रोजी-रोटी सुरक्षा दो” के नारे के साथ राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत भाकपा माले, अखिल भारतीय खेत ग्रामीण मजदूर सभा एवं बिहार राज्य व्यावसायिक महासंघ के संयुक्त बैनर तले जहानाबाद में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गरीब, दलित, छोटे व्यवसायी, महिला-पुरुष शामिल हुए।
विरोध मार्च जहानाबाद उटा स्टेशन से निकलकर पटना-गया मुख्य मार्ग होते हुए अरवल मोड़ पहुंचा, जहां यह एक विशाल सभा में तब्दील हो गया। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी “बुलडोजर राज खत्म करो”, “दमन नहीं, आवास चाहिए”, “रोटी और रोजगार चाहिए”, जैसे नारे लगाते रहे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर दमनात्मक नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जेल और दमन से वे डरने वाले नहीं हैं।
अरवल मोड़ पर आयोजित सभा की अध्यक्षता अखिल भारतीय खेत ग्रामीण मजदूर सभा के जिला सचिव प्रदीप कुमार ने की। सभा को महिला नेत्री रेणु देवी, भाकपा माले के नेता कमलेश चंद्रवंशी, संजय चंद्रवंशी और जिला सचिव रामाधार सिंह ने संबोधित किया। वहीं रैली का नेतृत्व प्रभात कुमार, बीतन मांझी, विनोद कुमार भारती, शौकीन यादव, संजू देवी, उदय पासवान, बुद्धदेव यादव, उद्रेश पासवान, हसनैन अंसारी, नीतीश कुमार सहित कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने किया।
नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में सरकार गरीबों, दलितों और छोटे व्यवसायियों के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई कर रही है, जिससे लोगों की रोजी-रोटी और सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले जिन समुदायों को समर्थन का भरोसा दिया गया था, वही अब कार्रवाई के निशाने पर हैं।
वक्ताओं ने कहा कि जिन सवालों का समाधान बातचीत और संवैधानिक प्रक्रिया से नहीं हो पाया है, उन्हें अब सड़कों पर आंदोलन के जरिए हल किए जाने का समय आ गया है। इसके लिए सभी समुदायों को एकजुट होकर संघर्ष तेज करने की अपील की गई।
सभा के अंत में आंदोलन को और व्यापक रूप देने तथा आगे भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया गया।
Jehanabad News: Left parties protest march against bulldozer action, protest turns into meeting at Arwal turn
Author: Barun Kumar
I am Journalist covering News around Jehanabad and Bihar












