जहानाबाद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने जहानाबाद संसदीय क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर हाल के दिनों में हुई दुखद घटनाओं में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवारों को न केवल सांत्वना दी बल्कि आर्थिक सहायता प्रदान कर ढांढस भी बंधाया। सांसद ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह हर परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
सांसद का दौरा सबसे पहले काको नगर पंचायत से शुरू हुआ। यहां उन्होंने किसान मोहसिन आलम के परिजनों से मुलाकात की, जिनकी हाल ही में सब्जी बेचने के क्रम में सब्जी विक्रेता की मौत हो गई थी। सांसद ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद सांसद काको प्रखंड के खालिसपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दीनानाथ यादव के भतीजे की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की। इसी क्रम में वे जहानाबाद प्रखंड के मिल्की गांव गए और नंदू यादव के पांच वर्षीय पोते की असमय मृत्यु पर परिजनों को ढांढस बंधाया।
सांसद का अगला पड़ाव गुहा पाकड़ गांव रहा, जहां उन्होंने अखिलेश यादव के घर जाकर संवेदना प्रकट की। यहां पर उज्ज्वल नामक युवक की जेल में मौत हो गई थी। वहीं गुड़ियारी गांव में राजद नेता संजय यादव के भाई रामप्रीत यादव की ब्रेन हैमरेज से हुई मौत पर परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और आर्थिक मदद भी दी।
इसके उपरांत सांसद धावा पर गांव पहुंचे और दिवंगत प्रहलाद यादव के भोज में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं रतनी प्रखंड के सालारपुर गांव जाकर अपहृत कर मारे गए नीतीश के परिजनों से मिले और उन्हें ढांढस बंधाया।
सांसद सुरेंद्र यादव ने इस दौरान राज्य में लगातार हो रही अपराध की घटनाओं पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बेगुनाह लोगों की हत्या और आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ी घटनाएं बेहद गंभीर चिंता का विषय हैं। सांसद ने भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को वह उचित मंच पर उठाएंगे और दोषियों को सजा दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज बुलंद करेंगे।
ग्रामीणों और शोकाकुल परिजनों ने सांसद के इस दौरे की सराहना की और कहा कि उनके आने से उन्हें मनोबल मिला है। सांसद ने कहा कि जनता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता है।
सांसद का यह दौरा न केवल शोकाकुल परिवारों के लिए सहारा साबित हुआ, बल्कि इसने प्रशासन और सरकार की जिम्मेदारी पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
Jehanabad News: MP Surendra Yadav met with bereaved families, offered financial assistance and solace.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












