सोम, अप्रैल 13, 2026

Jehanabad News: कायनात इंटरनेशनल स्कूल में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस 2025 का भव्य आयोजन

जहानाबाद कायनात इंटरनेशनल स्कूल, कायनात नगर में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस 2025 बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पाकीज़ा ग्रुप ऑफ़ कंपनीज़ के संस्थापक एवं पाकीज़ा एजुकेशन सिटी, इंदौर के चेयरमैन मक़ूद हुसैन ग़ोरी ने किया।

अतिथियों का स्वागत करते हुए स्कूल के संस्थापक अध्यक्ष शकील अहमद काकवी ने कहा कि युवाओं को प्रेरित कर, जोड़कर और एकजुट कर ही बेहतर कल का निर्माण संभव है। सतत भविष्य के लिए युवाओं को सशक्त बनाना ही हमारा लक्ष्य है।

इस अवसर पर मक़ूद हुसैन ग़ोरी एवं इक़बाल हुसैन ग़ोरी ने कायनात एक्सीलेंस अकादमी का शिलान्यास किया। शकील काकवी ने बताया कि यह अकादमी ग्रामीण युवाओं को गाँव में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा देगी, जिससे पलायन कम होगा और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में कायनात पर्यावरण क्लब द्वारा वृक्षारोपण, विज्ञान क्लब द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी और कायनात यूथ फोरम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कवि अम्रतेश मिश्रा की कविता को विशेष सराहना मिली, जबकि कायनात यूथ आइकन शरजील अहमद काकवी ने प्रेरक मुख्य वक्तव्य दिया।

इस मौके पर कायनात फ़ुटबॉल क्लब को कप्तान अंकश राज के नेतृत्व में लगातार चार वर्षों तक जहानाबाद चैम्पियनशिप जीतने के लिए सम्मानित किया गया। नवगठित अंडर-14 कायनात क्रिकेट टीम को भी मान्यता प्रदान की गई।

इक़बाल हुसैन ग़ोरी ने ग्रामीण प्रतिभा निखारने में स्कूल के प्रयासों की प्रशंसा की। मक़ूद हुसैन ग़ोरी ने छात्रों को मेहनत, ऊँचे लक्ष्य और सकारात्मक सोच की सलाह दी तथा पाकीज़ा एजुकेशन सिटी और कायनात फ़ाउंडेशन के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रम की घोषणा की।

भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के छात्रों ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। संचालन अखिल कुमार ने किया और धन्यवाद ज्ञापन तयबा सयदा ने प्रस्तुत किया।

Jehanabad News: International Youth Day 2025 organized grandly at Kaynat International School

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News