DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

लोकसभा चुनाव परिणाम के 15 दिन बाद हरियाणा में कांग्रेस को बड़ा झटका, विधायक किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति भाजपा में शामिल

Big blow to Congress in Haryana, 15 days after Lok Sabha election results, MLA Kiran Choudhary and his daughter Shruti join BJP.

लोकसभा चुनाव परिणाम के 15 दिन बाद और हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पुत्रवधू और कांग्रेस की विधायक किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी आज भाजपा में शामिल हो गई। किरण चौधरी ने अपने इस्तीफे में इशारों ही इशारों में भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर बड़ा आरोप लगाया। किरण चौधरी ने इस्तीफे में लिखा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी केवल एक ही व्यक्ति की जागीर बनकर रह गई है। श्रुति चौधरी कांग्रेस की हरियाणा इकाई की कार्यकारी अध्यक्ष थीं।‌ दोनों ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दूसरे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। बुधवार को बीजेपी दफ्तर पहुंची श्रुति चौधरी ने कहा कि आज यहां लहर उठी है। ऐसा इसलिए क्योंकि बीजेपी की नीतियों की वजह से राज्य और देश को आगे ले जाया जा रहा है। लोग प्रधानमंत्री मोदी को बार-बार अपना नेता चुन रहे हैं। ये इस बात का प्रमाण है कि बीजेपी की लोकप्रियता दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। हम सब यहां बीजेपी को मजबूत करने के लिए इकट्ठा हुए हैं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को लेकर किरण चौधरी ने कहा कि विधानसभा में उनके बीच बहुत तल्खियां होती थी, लेकिन मनोहर लाल हमेशा सहनशीलता के साथ अपने कामों पर पकड़ बनाकर रखते थे। वह हमेशा उनके साथ मान-सम्मान और प्यार के साथ पेश आए। किरण ने मनोहर लाल को अपना प्रेरणा स्त्रोत बताते हुए कहा कि उन्होंने नौकरी में पर्ची-खर्ची के सिस्टम को खत्म किया, जोकि एक सराहनीय कार्य है। इसी के चलते आज युवा भी यहीं सोच और देख रहा है कि वह बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी हासिल कर आगे बढ़े। किरण और श्रुति चौधरी को बीजेपी में शामिल कराए जाने के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि वह सब मिलकर एक परिवार की तरह से हरियाणा को मजबूत करने का काम करेंगे। किरण चौधरी के अनुभव से हरियाणा में बीजेपी और मजबूत होगी। किरण चौधरी के सभी समर्थकों के कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाने पर सैनी ने कहा कि जल्द ही प्रदेश स्तर पर एक बड़ा कार्य़क्रम कर वह सभी को बीजेपी की सदस्यता दिलाएंगे। बता दें कि हरियाणा में इसी साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसे लेकर राजनीतिक दल तैयारियों में लगे हैं। राज्य में अभी बीजेपी की सरकार है और नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री हैं। चुनाव से ठीक पहले किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी के कांग्रेस छोड़ने से पार्टी को बड़ा नुकसान माना जा रहा है। मां-बेटी लोकसभा चुनाव में टिकट वितरण से पार्टी हाईकमान से नाराज चल रहीं थीं।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News