
हर साल मई-जून माह धार्मिक यात्राओं के लिए जाने जाते हैं। इसी महीने 10 मई से उत्तराखंड में स्थित चारों धामों की यात्रा शुरू हो गई है। जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह छाया हुआ है। अगले महीने जम्मू-कश्मीर में स्थित बाबा अमरनाथ की धार्मिक यात्रा भी शुरू होगी। यात्रा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। रविवार को कश्मीर के अनंतनाग जिले में अमरनाथ की पवित्र गुफा से बाबा बर्फानी की पहली तस्वीर सामने आई। श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी विराजमान हो गए हैं। पवित्र गुफा के चारों ओर बर्फ जमी हुई है। पवित्र गुफा में शिवलिंग का आकार इस बार आठ फीट ऊंचा है। इस बार यात्रा 29 जून से शुरू होगी जो करीब 52 दिन चलेगी। 29 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन पूरी होगी। बता दें कि अमरनाथ मंदिर को हिंदुओं के सबसे पवित्र मंदिरों में से एक माना जाता है। इस मंदिर को 51 शक्तिपीठों (वे स्थान जहां देवी सती के शरीर के अंग गिरे थे) में रखा गया है।
साथ ही यह उस स्थान के रूप में भी वर्णित है जहां भगवान शिव ने देवी पार्वती को जीवन और अनंत काल का रहस्य सुनाया था। इस मंदिर का अधिकांश भाग सालों भर बर्फ से ढका रहता है। हर साल सर्दी के मौसम में हुई बर्फबारी के दौरान शिवलिंग अपना आकार लेता है और मई-जून के महीने में इसके दिव्य दर्शन होते हैं। हर साल की तरह इस साल भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में बाबा अमरनाथ के दर्शन करने के लिए तैयार हैं। श्रद्धालुओं को 40 मीटर ऊंची इस गुफानुमा मंदिर तक पहुंचने के लिए लगभग 35 से 48 किमी की यात्रा करनी पड़ती हैं, इस गुफा में गिरते पानी की बूंदों से शिवलिंग बनता है। अमरनाथ मंदिर की गुफा 12,756 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।
इस यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरू हो चुका है। जो भी श्रद्धालु इस यात्रा पर जाना चाहते हैं वह आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पंजीकरण करा सकते हैं। आधिकारिक वेबसाइट https://jksasb.nic.in है जहां पर पंजीकरण कराना है। अभी तक यात्रा के लिए 20 दिन में 2.38 लाख शिवभक्तों ने ऑफलाइन और ऑनलाइन अग्रिम यात्री पंजीकरण करवा लिया है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए श्राइन बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर लॉग इन कर सकते हैं। मोबाइल एप्लिकेशन से रजिस्ट्रेशन करना चाहते हैं तो श्री अमरनाथजी यात्रा ऐप डाउनलोड करना होगा। वहीं, पंजाब नेशनल बैंक, एसबीआई, यस बैंक और जम्मू-कश्मीर बैंक से ऑफ लाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। शिवलिंग के दर्शन और पूजन के लिए देश भर से लाखों श्रद्धालु अमरनाथ आते हैं। अमरनाथ गुफा जाने के लिए श्रद्धालु दो रास्तों से जा सकते हैं। पहले मार्ग पहलगाम है। इस रूट से गुफा तक पहुंचने में 3 दिन लगते हैं, लेकिन ये रास्ता आसान है। यात्रा में खड़ी चढ़ाई नहीं है। पहलगाम से पहला पड़ाव चंदनवाड़ी है। ये बेस कैंप से 16 किमी दूर है। यहां से चढ़ाई शुरू होती है।
तीन किमी चढ़ाई के बाद यात्रा पिस्सू टॉप पहुंचती है। यहां से पैदल चलते हुए शाम तक यात्रा शेषनाग पहुंचती है। ये सफर करीब 9 किमी का है। अगले दिन शेषनाग से यात्री पंचतरणी जाते हैं। ये शेषनाग से करीब 14 किमी है। पंचतरणी से गुफा सिर्फ 6 किमी रह जाती है। दूसरा मार्ग बालटाल है। वक्त कम हो, तो बाबा अमरनाथ दर्शन के लिए बालटाल रूट से जा सकते हैं। इसमें सिर्फ 14 किमी की चढ़ाई चढ़नी होती है, लेकिन एकदम खड़ी चढ़ाई है, इसलिए बुजुर्गों को इस रास्ते पर दिक्कत होती है। इस रूट पर संकरे रास्ते और खतरनाक मोड़ हैं।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












