दिल्ली सरकार की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं और यह थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक तरफ दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री,और उप मुख्यमंत्री सलाखों के पीछे हैं तो दूसरी ओर एक और नए मंत्री ने दिल्ली सरकार का हाथ छोड़ दिया है। पटेल नगर से विधायक और मंत्री राजकुमार आनंद ने दिल्ली सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। साथ हीं इस्तीफा देते हुए राजकुमार आनंद ने दिल्ली सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
दिल्ली सरकार के मंत्री राजकुमार आनंद ने दिया इस्तीफा:

दिल्ली शराब घोटाले के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बुधवार, 10 अप्रैल को एक और बड़ा झटका लगा है। अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री राजकुमार आनंद ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा भ्रष्टाचार को लेकर आम आदमी पार्टी के रुख पर सवाल उठाए। उनके पास समाज कल्याण मंत्रालय की जिम्मेदारी थी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वो किसी पार्टी में नहीं जा रहे हैं। मीडिया से बातचीत में राजकुमार आनंद ने कहा, मैं राजकुमार आनंद मैं दिल्ली सरकार में मंत्री हूं, मेरे पास 7 पोर्टफोलियो है लेकिन आज मैं बहुत व्यथित हूं इसलिए मैं आज आपको अपना दुख साझा करने आया हूं। मैं राजनीति में तब आया था जब अरविंद केजरीवाल जी ने कहा था की राजनीति बदलेगी लेकिन आज मुझे अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि राजनीति तो नहीं बदली लेकिन राजनेता बदल गए।
आम आदमी पार्टी का जन्म भी भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से हुआ था लेकिन आज ही पार्टी खुद भ्रष्टाचार के दलदल में फंस चुकी है। बता दें कि 2020 में राजकुमार आनंद आम आदमी पार्टी के टिकट पर पटेल नगर से विधायक बने थे। हाल ही पंजाब में भी आप के बड़े नेताओं ने पार्टी को अलविदा कहा था। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले नेताओं का साथ छोड़ना आप के लिए किसी झटके से कम नहीं है। राजकुमार आनंद का इस्तीफा ऐसे समय पर आया है जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। कोर्ट ने उन्हें 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा है। बीते दिन दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी वो याचिका खारिज कर दी थी जिसमें उन्होंने अपनी गिरफ्तारी और ईडी रिमांड को चुनौती दी थी। उच्च न्यायालय ने केजरीवाल की याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि उनकी गिरफ्तारी से किसी भी तरह कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन नहीं हुआ है। सीएम केजरीवाल के अलावा आप नेता मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन भी तिहाड़ जेल में बंद हैं। एक हफ्ते पहले ही पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह जमानत पर बाहर आए थे।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












