
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गठन होने के बाद पहला शीतकालीन सत्र के लिए राज्यपाल ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी है। हिमाचल की 14वीं विधानसभा का प्रथम सत्र 22 से 24 दिसंबर तक विधानसभा सदन तपोवन धर्मशाला में होगा। शुक्रवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की ओर से इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के मुताबिक, 23 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा, जिसके बाद राज्यपाल का अभिभाषण होगा। राज्यपाल के अभिभाषण पर 24 दिसंबर को चर्चा होगी और उसी दिन इसे पारित किया जाएगा। नवनिर्वाचित विधानसभा के वरिष्ठतम सदस्य चंद्र कुमार को बुधवार को अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) नियुक्त किया गया था। कुमार, छह बार के विधायक और पूर्व लोकसभा सदस्य हैं। वह नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे और नए अध्यक्ष के चुने जाने तक विधानसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे। वहीं प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार को राजभवन शिमला में 19 दिसंबर को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर शपथ दिलाएंगे। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को विभागों का आवंटन किया था। वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार इंतजार है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












