
भारतीय क्रिकेट में बिहार का युवा खिलाड़ी ऑलराउंडर के रूप में चर्चा में बना हुआ है। समस्तीपुर के 13 साल के वैभव सूर्यवंशी इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ऑक्शन में शामिल होंगे। वैभव इस आईपीएल नीलामी में उतरने वाले सबसे यंगेस्ट क्रिकेटर हैं। छोटी उम्र में इस होनहार खिलाड़ी में गजब की प्रतिभा है। विस्फोटक बैटिंग के साथ साथ वैभव गेंदबाजी करने की भी काबिलियत रखते हैं। वैभव रणजी, हेमन और कूच बिहार ट्रॉफी खेल चुके हैं। वैभव ने बिहार और मुंबई के बीच रणजी में डेब्यू किया था, तब उनकी उम्र 12 साल 9 महीने थी। सचिन तेंदुलकर ने 15 साल, 7 महीने की उम्र में रणजी में डेब्यू किया था।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शुक्रवार को 574 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की, जो 24 और 25 नवंबर को जेद्दा में होने वाली आईपीएल 2025 की बहुप्रतीक्षित मेगा नीलामी में बिकने वाले हैं। लिस्ट में 366 भारतीय और 208 विदेशी हैं। इन नामों में सूर्यवंशी एक महत्वपूर्ण और उल्लेखनीय नाम के रूप में सामने आए हैं। वैभव सूर्यवंशी को आगामी अंडर 19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बनाया गया है। इसका आयोजन इस महीने के आखिरी में होगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ 30 नवंबर को करेगी। वैभव पिछले 1 साल में अलग-अलग लेवल के क्रिकेट में कुल 49 शतक और 3 दोहरे शतक जमा चुके हैं। पिछले साल हुए हेमन ट्रॉफी के लीग और सुपर लीग में सबसे ज्यादा 670 रन बनाए। इसमें तीन शतक और तीन अर्धशतक शामिल थे। पिछले साल अक्टूबर में वीनू मांकड़ टूर्नामेंट के अंडर-19 में वैभव का सिलेक्शन हुआ। चंडीगढ़ में हुए टूर्नामेंट में बिहार की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 393 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक थे।इसके बाद वैभव को सीके नायडू ट्रॉफी के लिए बेंगलुरु भेज दिया गया। बेंगलुरु में ही उनका सिलेक्शन चैलेंजर ट्रॉफी के लिए हो गया। फिर वहीं से गुवाहाटी गए। इस खेल के बाद उनका सिलेक्शन अंडर-19 इंडिया के लिए हो गया। आंध्र प्रदेश में हुए इस मैच में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 50 रन बनाए। अन्य टीमों के खिलाफ भी उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। फिर कूच बिहार ट्रॉफी के लिए जमशेदपुर भेज दिया गया, जहां उन्होंने मैच में शतक जड़ा। इसके बाद आज वह रणजी में खेल रहे हैं।
जानकारी अनुसार 7 साल की उम्र में वैभव के पिता उन्हें समस्तीपुर की क्रिकेट एकेडमी में लेकर गए। यहां वैभव 3 साल तक खेले। फिर उनके पिता उन्हें पटना के संपतचक में मौजूद जेन एक्स क्रिकेट एकेडमी में लेकर आ गए। 10 साल की उम्र में ही वैभव ने अपने से काफी ऊपर के ऐज ग्रुप मैचों में खेले और कामयाब भी रहे। वैभव एक किसान के बेटे हैं। वैभव के पिता का नाम संजीव सूर्यवंशी हैं। वैभव के पिता ने बताया कि वो चाहते थे कि उनका बेटा क्रिकेटर बने।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












