भारतीय राजनीति के वरिष्ठ नेता एमएस कृष्णा नहीं रहे। 92 साल की आयु में सोमवार देर रात बेंगलुरु में उन्होंने अंतिम सांस ली। कृष्णा कई बीमारियों से जूझ रहे थे। हालांकि वह काफी समय से सक्रिय राजनीति से दूर थे।जनता के अंतिम दर्शन के लिए आज उनके पार्थिव शरीर को सदाशिवनगर स्थित आवास पर रखा जाएगा। एसएम कृष्णा के लंबे समय के दोस्त और रिश्तेदार डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि अंतिम संस्कार कल सुबह उनके गृहनगर मंड्या जिले के मद्दूर के सोमनहल्ली में किया जाएगा। उनके निधन पर भाजपा, कांग्रेस समेत तमाम पार्टियों के नेताओं ने दुख जताया है। अपने राजनीतिक करियर में एमएस कृष्णा इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और मनमोहन सरकार में केंद्रीय मंत्री के साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र के राज्यपाल भी रहे। कांग्रेस के दिग्गज नेता एमएस कृष्णा 2017 में भाजपा से जुड़ गए थे। 2023 में उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

बेंगलुरु को टेक राजधानी बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले कृष्णा का जन्म 1 मई, 1932 को मांड्या जिले के सोमनहल्ली में हुआ था। कांग्रेस में लंबे समय तक रहने के बाद वे अपने राजनीतिक जीवन के आखिरी फेज में बीजेपी में शामिल हो गए। उन्होंने मैसूर के महाराजा कॉलेज से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की और बेंगलुरु के गवर्नमेंट लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री हासिल की।
बाद में वे डलास में दक्षिणी मेथोडिस्ट यूनिवर्सिटी और जॉर्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने के लिए अमेरिका चले गए। वे 1962 में पहली बार कर्नाटक विधानसभा की मद्दूर सीट से निर्दलीय विधायक चुने गए। इसके बाद वे 1968 से मांड्या लोकसभा सीट से चौथी, पांचवीं, सातवीं और आठवीं बार जीते। कृष्णा इंदिरा गांधी के शासन में कैबिनेट मंत्री और राजीव गांधी के शासन में उद्योग और वित्त राज्यमंत्री रहे। वे 1989 में कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री बने। 1999 कर्नाटक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने। कृष्णा 11 अक्टूबर, 1999 से 28 मई, 2004 तक कांग्रेस से कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे। उन्हें आधुनिक कर्नाटक का जनक भी कहा जाता है। वे 1996 और 2006 में राज्यसभा सदस्य रहे थे। इसके बाद दिसंबर, 2004 से मार्च, 2008 तक महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे। कृष्णा 2009 से 2012 तक मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में विदेश मंत्री रहे।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












