
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट अभी तक उत्तराखंड में जन आशीर्वाद यात्रा की कमान संभाल रहे थे। लेकिन शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने श्रीनगर पहुंचे। इसी के साथ उन्होंने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का बिगुल भी फूंक दिया है। धामी का श्रीनगर पहुंचने पर फूलों की माला से हुआ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर को नगर निगम बनाने की घोषणा की। वहीं मुख्यमंत्री ने श्रीनगर पंच पीपल से पांच किमी बाईपास मोटर मार्ग बनाने और सतपुली व सयुंसी में झील बनाने की घोषणा भी की। धामी ने कहा कि श्रीनगर में विद्युत लाइन भूमिगत की जाएगी। श्रीनगर गढ़वाल के रामलीला मैदान में भाजपा की जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट आदेश हैं कि अपने स्तर की जन समस्या का समाधान वहीं पर करें। अन्यथा सरकार संबंधित अधिकारी का जवाब तलब भी करेगी। चारधाम यात्रा शुरू करवाने को लेकर सरकार प्रयासरत है, लेकिन मामला न्यायालय में विचाराधीन भी है। रैली को लेकर क्षेत्र की जनता ने जो स्नेह और आशीर्वाद दिया है उसके लिए वह और भाजपा जनता के ऋणी भी हैं। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डा धन सिंह रावत, वन मंत्री डॉ हरक सिंह रावत, लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी रैली को संबोधित किया।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












