पंजाब की तर्ज पर केजरीवाल ने उत्तराखंड में भी महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने का किया वादा

विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उत्तराखंड में हर बार अपने दौरे पर बड़ी घोषणा कर रहे हैं। आज फिर मुख्यमंत्री केजरीवाल उत्तराखंड के काशीपुर दौरे पर थे। जैसे कि पहले ही उम्मीद जताई जा रही थी कि केजरीवाल उत्तराखंड में महिलाओं को लेकर बड़ी घोषणा करेंगे। संवाद कार्यक्रम के दौरान अरविंद केजरीवाल ने राज्य की महिलाओं को लेकर बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड नवनिर्माण में महिला सशक्तिकरण का अहम योगदान होगा। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि आज भी मैं एक गारंटी देने आया हूं। इससे पहले में मुफ्त बिजली, रोजगार, मुफ्त तीर्थ यात्रा की गारंटी दे चुका हूं। आज मैं खासकर महिलाओं के लिए बात करने आया हूं। जिसके बाद केजरीवाल ने एलान किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद राज्य में 18 वर्ष या उससे ज्यादा उम्र की हर महिला के खाते में हर महीने एक हजार रुपये भेजे जाएंगे। एक परिवार की हर महिला को अलग-अलग एक हजार रुपए मिलेंगे। एक परिवार में अगर पांच महिलाएं है तो पांचों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब पत्नी को पति के आगे, बेटी को पिता के आगे, मां को बेटे के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं है। इसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस राज्य में दोनों पार्टियों ने अभी तक कोई विकास नहीं किया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि अगर हमारी सरकार यहां बनती है तो हम दिल्ली मॉडल को उत्तराखंड में लाएंगे। इस बार चुनाव में महिलाएं निर्णायक की भूमिका में होंगी। भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेशवासियों को सिर्फ छला है। इस बार महिलाएं दोनों पार्टियों को दुत्कार कर झाड़ू को वोट देंगी। महिलाएं उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएंगी। बता दें कि पिछले महीने केजरीवाल ने पंजाब में भी महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने की घोषणा की थी। तभी कयास लगाए जा रहे थे कि चुनावी माहौल में आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की महिलाओं के लिए भी ऐसा एलान कर सकती है। इस दौरान आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरा कर्नल अजय कोठियाल भी मौजूद रहे।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












