16 अगस्त से उत्तर प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थान आधी क्षमता के साथ खुलने को तैयार, सरकार ने जारी किए नए आदेश

उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना संक्रमण में कमी को देखते हुए राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों को 50% क्षमता के साथ 16 अगस्त से खोलने का निर्णय लिया है।
राज्य सरकार की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि राज्य के सभी बोर्डों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परिणाम घोषित हो चुके हैं। ऐसे में स्नातक स्तर पर दाखिले की प्रक्रिया 05 अगस्त से प्रारंभ कर दी जानी चाहिए। माध्यमिक शिक्षण संस्थानों में भी जिन विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रोन्नत किया गया है, उनके दाखिले की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाए।
इन विद्यार्थियों की कक्षाएं स्वाधीनता दिवस की तिथि से शुरू हों। स्वाधीनता दिवस के दिन “स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव” से जोड़ कर आयोजन हों और 16 अगस्त से आधी क्षमता के साथ पठन-पाठन प्रारम्भ हों। उच्च शिक्षण संस्थानों में पठन-पाठन प्रत्येक दशा में एक सितंबर से प्रारम्भ करने की तैयारी की जाए।
इस दौरान राज्य सरकार की ओर से यह भी साफ कर दिया गया है कि प्रदेश के सभी स्कूल कोविड-19 प्रोटोकॉल के साथ खोले जाएंगे। स्कूल में छात्रों को मास्क पहनने के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करना होगा।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












