यूपी में कांग्रेस की विधायक अदिति सिंह और बसपा की वंदना सिंह ने भाजपा का दामन थामा

आज भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और बसपा की महिला विधायकों को अपने पाले में कर लिया। बता दें कि कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले रायबरेली सदर सीट से मौजूदा विधायक अदिति सिंह ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में भाजपा का दामन थाम लिया। इसके अलावा आजमगढ़ के सगड़ी से बहुजन समाजवादी पार्टी की विधायक वंदना सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। बता दें कि रायबरेली के कांग्रेस के दिवंगत नेता अखिलेश सिंह की पुत्री विधायक अदिति सिंह भाजपा के समर्थन में थीं। कुछ माह पहले वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलीं थीं। अदिति सिंह रायबरेली सदर से कांग्रेस की सीट पर 2017 में पहली बार विधायक बनी थी। लेकिन अदिति सिंह की सबसे बड़ी पहचान है कि वह बाहुबली अखिलेश सिंह की बेटी हैं । पांच बार विधायक रहे अखिलेश सिंह का पिछले साल निधन हो गया था। उसके बाद अदिति बीजेपी के ज्यादा करीब रहीं हैं। पिछले कुछ समय में सदन में जब-जब वोटिंग के मौके आए अदिति सिंह ने बीजेपी के पक्ष में वोट डाला है, कांग्रेस पार्टी उनकी सदस्यता खत्म करने को लेकर पहले ही विधानसभा अध्यक्ष को लिख चुकी थी। हाल में अदिति सिंह ने कृषि कानूनों पर दिए बयान को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधा था, तब उन्होंने कहा था कि प्रियंका गांधी के पास मुद्दे नहीं हैं।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












