
यूपी के हाथरस के बाद कई जिलों में हुई गैंगरेप की घटनाओं के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज नवरात्र के पहले दिन ही महिलाओं को विशेष तोहफा दिया है । शनिवार को सीएम योगी ने महिला सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान शुरू करने की मंजूरी दी । मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिला और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस सख्त अभियान चलाने जा रही है । बता दें कि इन दिनों उत्तर प्रदेश में भी उपचुनाव के अंतर्गत 8 विधानसभा सीटों पर चुनाव आयोजित हो रहे हैं । मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जो भी बहन-बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करेगा, सरकार उसे कानून के दायरे में लाकर कठोरतम सजा दिलवाने का कार्य करेगी। सीएम योगी ने एलान किया कि अब पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत भर्ती बेटियों की होगी। बता दें कि लखनऊ समेत मंडल के सभी जिलों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए 180 दिन का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत लोगों को महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। पहले चरण में आज से 25 अक्टूबर तक अभियान चलेगा और समापन अप्रैल में होगा। बता दें कि हाथरस गैंगरेप के बाद कांग्रेस, बसपा और सपा ने उत्तर प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किया था ।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












