
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में देह व्यापार के चंगुल से 12 नाबालिग लड़कियों को छुड़ाया गया है। ये सभी लड़कियां त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, महाराष्ट्र, और कर्नाटक और बांग्लादेश जैसे विभिन्न राज्यों ओर देशों से लाई गई थीं।
पुलिस के अनुसार, इन लड़कियों को या तो नौकरी के झांसे में फंसाकर बेंगलुरु लाया गया था या उनके परिवारों ने ही उन्हें बेच दिया था।
पुलिस की छापेमारी और रेस्क्यू ऑपरेशन
इस रेस्क्यू ऑपरेशन को सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) के महिला संरक्षण विभाग ने बेंगलुरु स्थित एनजीओ की मदद से अंजाम दिया। यह कार्रवाई खास इनपुट के आधार पर की गई थी। इन सभी लड़कियों की उम्र 14 से 17 साल के बीच है। फिल्हाल उन्हें रेस्क्यू करने के बाद राज्य-प्रायोजित पुनर्वास केंद्रों में भेजा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि भारतीय राज्यों से आने वाली लड़कियों को जल्द ही उनके परिवारों को सौंप दिया जाएगा, जबकि बांग्लादेश से आई लड़कियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत उनके देश वापस भेजा जाएगा।
बांग्लादेश से लड़कियों की तस्करी का खुलासा
विशेष जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश से लाई गई लड़कियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए एक एजेंट की मदद ली गई थी। यह एजेंट भारत-बांग्लादेश सीमा पार कराने में माहिर था, जिसका फायदा उठाकर लड़कियों को शहर में लाया गया। पुलिस इस नेटवर्क का पता लगाने के लिए अंतरराष्ट्रीय तस्करी रैकेट की भी जांच कर रही है।
इस घटना ने बेंगलुरु में बढ़ते देह व्यापार और मानव तस्करी के गंभीर खतरे को उजागर किया है। नाबालिग लड़कियों का इस तरह शोषण होना न केवल कानून व्यवस्था के लिए एक चुनौती है, बल्कि समाज के नैतिक मूल्यों पर भी सवाल खड़े करता है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












