पश्चिम बंगाल के संदेशखाली कांड का मुख्य आरोपी और तृणमूल कांग्रेस का नेता शेख शाहजहां को पुलिस ने गुरुवार सुबह अरेस्ट कर लिया है। यह आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसे नॉर्थ 24 परगना के मीनाखान इलाके से गिरफ्तार किया गया। आज उसे बसीरहाट कोर्ट में पेश किया जाएगा। पहले इसके बांग्लादेश भाग जाने की चर्चाएं थी। तीन दिन पहले कलकत्ता हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई थी। इसमें कोर्ट ने बंगाल सरकार को दूसरी बार फटकार लगाते हुए कहा था कि शेख शाहजहां को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

काफी दिनों से संदेशखाली देशभर में सुर्खियों में बना हुआ है। शाहजहां शेख की पहचान टीएमसी के एक ताकतवर और प्रभावशाली नेता के तौर पर है। वो संदेशखाली यूनिट का टीएमसी अध्यक्ष भी रह चुका है। पहली बार शाहजहां शेख उस समय चर्चा में आया, जब 5 जनवरी को ईडी की टीम शाहजहां से बंगाल राशन वितरण घोटाला मामले में पूछताछ करने पहुंची थी, उस समय उसके गुर्गों ने ईडी की टीम पर हमला कर दिया था। उसके बाद से ईडी लगातार पूछताछ के लिए शाहजहां शेख को समन जारी कर रही है, लेकिन ईडी टीम पर हमले के बाद से शाहजहां शेख 55 दिन से फरार था। ईडी की टीम पर हमला होने के बाद संदेशखाली उस समय सुर्खियों में आया, जब वहां की महिलाओं ने शाहजहां शेख पर जमीन हड़पने और उसके गुर्गों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। संदेशखाली में 9 फरवरी से काफी बवाल हो रहा है।
दरअसल, यह इलाका शाहजहां शेख के दबदबे वाला है। स्थानीय महिलाओं ने शाहजहां शेख और उसके समर्थकों के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शाहजहां शेख और उसके लोग महिलाओं का यौन शोषण भी करते थे। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने शाहजहां समर्थक हाजरा के तीन पोल्ट्री फार्मों को जला दिया। महिलाओं का दावा था कि वे स्थानीय ग्रामीणों से जबरन छीनी गई जमीन पर बने थे। इस मामले को लेकर लेफ्ट और बीजेपी पार्टियों ने ममता सरकार के खिलाफ जमकर विरोध किया। संदेशखाली में धारा 144 लगाकर विपक्ष के नेताओं को वहां जाने से रोका गया, हालांकि बीजेपी के नेताओं ने बंगाल से लेकर दिल्ली तक इस मामले को उठाया और ममता सरकार पर दबाव बनाया कि संदेशखाली के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो। हालांकि बंगाल पुलिस ने इसके गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन शाहजहां शेख पर हाथ डालने से पुलिस डर रही थी। कोलकाता हाई कोर्ट ने जब शाहजहां की गिरफ्तारी का आदेश दिया तो पुलिस ने एक्शन लेते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












