शनि, अप्रैल 4, 2026

लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में कांग्रेस शांत होने के मूड में नहीं, राहुल गांधी ने संभाला मोर्चा

Rahul Gandhi-led Congress delegation leaves for violence-hit Lakhimpur Kheri

यूपी के लखीमपुर खीरी में हुई किसानों की मौत के चार दिन बाद भी कांग्रेस के तेवर सख्त बने हुए हैं। सीतापुर के पीएसी गेस्ट हाउस में गिरफ्तार कर रखी गईं प्रियंका गांधी लगातार भाजपा सरकार पर हमला कर रहीं हैं। लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों के परिजनों और योगी सरकार के बीच समझौता होने के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ‘शांत’ नजर आ रहे हैं। साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को अब कुछ ही महीने बचे हैं, ऐसे में कांग्रेस लखीमपुर खीरी की घटना को आगे ले आना चाहती है। इसी कड़ी में आज सुबह 10 बजे दिल्ली से प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने लखीमपुर खीरी हिंसा पर यूपी और केंद्र सरकार को सीधे चेतावनी दी। ‘पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ‘मंगलवार को प्रधानमंत्री लखनऊ में थे मगर लखीमपुर नहीं जा पाए’ राहुल ने आगे आरोप लगाया कि मृतक किसानों का ठीक से पोस्टमार्टम नहीं किया जा रहा, राहुल गांधी ने कहा कि मैं और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ उत्तर प्रदेश जा रहा हूं। राहुल ने प्रियंका गांधी के सवाल पर यह भी कहा कि हमें मार दीजिए, गाड़ दीजिए कोई फर्क नहीं पड़ता, ये सब देखना हमारी सालों पुरानी ट्रेनिंग है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की आवाज को कुचला जा रहा है, मैं पीड़ित परिवारों का दर्द बांटना चाहता हूं। वहां जाकर ग्राउंड रियलिटी जानना चाहता हूं’। हालांकि योगी सरकार ने राहुल गांधी के दौरे के लिए रोक लगा रखी है। राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने मोर्चा संभाला। ‘संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि राहुल गांधी भ्रम जाल फैला रहे हैं। पात्रा ने कहा राहुल ने हर बार की तरह गैर जिम्मेदाराना रवैया दिखाया। गैर जिम्मेदाराना रवैया राहुल गांधी का दूसरा नाम बन गया है। पात्रा ने कहा कि राहुल ने पोस्टमार्टम पर सवाल उठाए। क्या राहुल गांधी डॉक्टर हैं, पोस्टमार्टम करते हैं? यह भ्रम फैलाने वाला काम है। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी लखीमपुर को वो मौके के तौर पर देख रहे हैं’।

सीतापुर में गिरफ्तार की गईं प्रियंका गांधी भाजपा सरकार पर निशाना साध रहीं हैं—

सीतापुर में गिरफ्तारी के बाद पीएसी गेस्ट हाउस से ही प्रियंका गांधी ने अपने कार्यकर्ताओं को फोन के जरिए संबोधित किया। मंगलवार को समर्थन में मशाल जुलूस भी निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने लखीमपुर में किसानों को गाड़ी से कुचलने के आरोपियों की गिरफ्तारी और मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने की मांग की। गेस्ट हाउस के बाहर जुटे समर्थकों से प्रियंका गांधी ने फोन के जरिए संबोधित किया और यूपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि हम कांग्रेस के सिपाही हैं। हम सरकार की तानाशाही के सामने नहीं झुकेंगे। दूसरी ओर प्रियंका के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन और शांतिभंग की आशंका जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। प्रियंका के साथ दीपेंद्र हुड्डा और यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा की जांच के लिए मंगलवार को एसआईटी का गठन किया गया है। 6 सदस्यीय एसआईटी लखीमपुर कांड की जांच करेगी। आईजी लक्ष्मी सिंह ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। आशीष मिश्रा को नामजद आरोपी बनाया गया है। आशीष मिश्रा, बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे हैं। लखीमपुर खीरी में हुई हिंसक घटना में मृतकों के परिवारवालों को जिला प्रशासन ने सहायता राशि के तौर पर 45-45 लाख रुपये के चेक सौंप दिए हैं। बता दें कि लखीमपुर की घटना के बाद कई बातों को लेकर प्रशासन और किसानों के बीच सहमति बनी थी। विपक्ष के बढ़ते दबाव को देखते हुए अब केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी पर तलवार लटकने लगी है।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News