शुक्र, अप्रैल 3, 2026

Rahul Gandhi disqualified: Congress`s nationwide Satyagraha today

राहुल गांधी की सदस्यता रद किए जाने के बाद अब बहन प्रियंका गांधी मैदान में उतरीं, कांग्रेस पार्टी आज करेगी सत्याग्रह

Rahul Gandhi disqualified: Congress`s nationwide Satyagraha today
JOIN OUR WHATSAPP GROUP

राजधानी दिल्ली में आज कांग्रेस पार्टी के तमाम दिग्गज नेता राजघाट पर जुट रहे हैं। ‌ 2 दिनों से राहुल गांधी की सांसदी जाने के बाद कांग्रेस ने हल्ला बोल दिया है। पार्टी के कार्यकर्ता देशभर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, राहुल गांधी ने जहां शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा, तो आज कांग्रेस दिल्ली में राजघाट के साथ ही सभी जिला मुख्यालयों में एक दिन का सत्याग्रह करेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मोदी सरनेम केस में दो साल की सजा सुनाने के बाद शुक्रवार को स्पीकर ओम बिरला ने उनकी संसद सदस्यता रद कर दी। उन्हें सूरत सेशंस कोर्ट ने दोषी करार दिया है। हालांकि अभी उनके पास ऊपर की अदालत में अपील करने का विकल्प है। राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म किए जाने के खिलाफ अब बहन प्रियंका गांधी ने सड़कों पर मोर्चा संभाल लिया है।

रविवार को दिल्ली में महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पर कांग्रेस पार्टी सत्याग्रह करेगी। इसमें कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी हिस्सा लेंगी। राहुल गांधी को अयोग्य करार दिए जाने के बाद से ही प्रियंका गांधी हमलावर हैं। उन्होंने कई ट्वीट किए, मीडिया में बयान दिए और विरोध प्रदर्शनों की रूपरेखा भी तैयार कर रही हैं। कांग्रेस पार्टी ने एक दिन के सत्याग्रह का एलान किया है। आज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक राजघाट में सत्याग्रह किया जाएगा। इसके अलावा, देश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन किया जाएगा। इससे पहले, जिस लोकसभा क्षेत्र वायनाड से राहुल गांधी सांसद थे वहां कांग्रेस ने काला दिवस मनाया। कांग्रेस के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन किए और रास्तों को जाम कर दिया। पार्टी ने जिला इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यालयों पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सुबह से शाम तक सत्याग्रह करें। इसे संकल्प सत्याग्रह का नाम दिया गया है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में एक बार फिर प्रियंका गांधी वाड्रा और महासचिव के सी वेणुगोपाल और जयराम रमेश के साथ दोनों मुख्यमंत्रियों अशोक गहलोत और भूपेश बघेल के साथ बैठक की और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की।

वहीं राहुल गांधी को संसद से अयोग्य किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को राजस्थान के जयपुर, अजमेर और कोटा समेत अन्य शहरों में विरोध प्रदर्शन किया। अजमेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेता ने कहा- राहुल गांधी सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं। वे बेरोजगारों के हित में बात करते हैं। उनके सवालों का जवाब देने के बजाय यह शर्मनाक हरकत की गई। कांग्रेस नेता अमित धारीवाल के नेतृत्व में पार्टी के सदस्यों ने गिरफ्तारी दी और उनमें से कुछ पुलिस बस की छत पर भी चढ़ गए। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध शांतिपूर्ण रहा है और लगभग 300 लोगों ने गिरफ्तारी दी है। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं गुरुग्राम में भी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News