
शनिवार 12 अक्टूबर की रात पूरे देश भर में विजयदशमी दशहरा पर धूमधाम के साथ मनाया जा रहा था। मायानगरी मुंबई भी दशहरा पर्व को लेकर पूरे उल्लास में थी। मुंबई में शाम तक सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा। शनिवार रात 9:30 बजे तक मुंबई में एनसीपी के कद्दावर नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बाबा सिद्दीकी अजित पवार गुट के नेता और महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके थे। इस घटना के बाद मुंबई समेत महाराष्ट्र में हड़कंप मच गया। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले की गई बाबा सिद्दीकी की हत्या होना कयासों का दौर शुरू हो गया है । इस हत्या ने पूरे देश को सकते में डाल दिया है, महाराष्ट्र की राजनीति में भी उबाल है। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई। मकसद से लेकर आरोपियों के बैकग्राउंड तक, सबकुछ खंगालने की कोशिश हो रही है। बिहार के रहने वाले बाबा सिद्दीकी ने मुंबई में राजनीति के साथ फिल्म इंडस्ट्रीज में भी अपनी खास पहचान बनाई। । वे मुंबई में हर साल अपनी इफ्तार पार्टी की वजह से चर्चा में रहते थे। इसमें फिल्म और टेलीविजन से जुड़े ज्यादातर सितारे इस पार्टी में शामिल होते थे। 2013 की इफ्तार पार्टी में सलमान-शाहरुख को गले लगाकर दोनों की 5 साल पुरानी दुश्मनी खत्म कराई थी। मुंबई में रहने वाले मुस्लिम समुदायों में सिद्दीकी खासे लोकप्रिय थे। इसके साथ बाबा सिद्दीकी के सभी पार्टी के नेताओं के साथ अच्छे रिश्ते थे। वहीं सलमान खान, शाहरुख खान और संजय दत्त के साथ भी उनके पारिवारिक रिश्ते रहे हैं। एक्टर और राजनेता सुनील दत्त को अपना मेंटर मानते थे। उन्होंने 2024 में सुनील दत्त की डेथ एनिवर्सरी पर उन्हें याद करते हुए एक पोस्ट भी शेयर किया था।

बाबा छात्र जीवन में ही सुनील दत्त के संपर्क में आ गए थे।चूंकि दोनों मुंबई कांग्रेस से जुड़े हुए थे, इसलिए इनके बीच काफी नजदीकियां थीं। सुनील दत्त के साथ रहते-रहते बाबा की दोस्ती संजय दत्त से भी हो गई। बाबा की हत्या से फिल्म इंडस्ट्री भी स्तब्ध है। उनके निधन की खबर सुनते ही सबसे पहले संजय दत्त अस्पताल पहुंचे। शिल्पा शेट्टी सहित कई फिल्मी सितारे लीलावती अस्पताल पहुंचे। बता दें कि मुंबई के बांद्रा के खेर वाड़ी सिग्नल के पास शनिवार रात करीब 9.30 बजे बाबा अपने बेटे और कांग्रेस विधायक जीशान सिद्दीकी के ऑफिस से बाहर निकले थे। तभी एक कार से तीन शूटर बाहर आए और फायरिंग शुरू कर दी। तीनों ने मुंह पर रूमाल बांधा हुआ था। उन्होंने दो बंदूकों से 6 राउंड फायरिंग की। इनमें बाबा को 3 गोलियां लगीं। 2 गोलियां उनके पेट और 1 सीने पर लगी। दो गोलियां उनकी कार पर भी लगीं। बाबा के साथ मौजूद शख्स के पैर में भी एक गोली लगी। बाबा को तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने देर रात 11.27 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिपोट्स के मुताबिक, बाबा सिद्दीकी जब पटाखे फोड़ रहे थे उसी समय तीनों हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के एक के बाद एक एनसीपी नेता पर 9.9 मिमी पिस्तौल से तीन गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली उनके सीने में लगी और वे वहीं गिर गए। चूंकि उस दौरान वहां पटाखों का शोर ज्यादा ही हो रहा था ऐसे में गोलियों की आवाज उनमें दब गई। हमलावरों की चलाई गोलियों में से एक से बाबा सिद्दी की गाड़ी की विंडशील्ड टूट गई जिससे पता चला कि कई गोलियां चलाईं गई थीं। वहीं, गिरफ्तार संदिग्ध गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हैं।

गिरफ्तार किए गए दोनों संदिग्धों ने खुद ये दावा किया है। हालांकि अभी तक इस हत्याकांड की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, बाबा सिद्दीकी पर हमला करने वाले तीन संदिग्धों में से दो को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से एक उत्तर प्रदेश का धर्मराज कश्यप और दूसरा हरियाणा का रहने वाला करनैल सिंह है। जबकि, आरोपियों का एक साथी अभी फरार है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाना शुरू कर दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुंबई पुलिस ने कई टीमें लगाई हैं। मुंबई पुलिस अपराध शाखा द्वारा पूछताछ के दौरान, दोनों लोगों ने यह भी दावा किया कि वे लगभग एक महीने से उस इलाके की रेकी कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, तीनों आरोपी एक ऑटो-रिक्शा में सवार होकर बांद्रा पूर्व में घटनास्थल पर पहुंचे थे। वे वहां पहले से ही सिद्दीकी के आने का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में पुलिस को संदेह है कि मामले में किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने का संदेह है जो आरोपियों को जानकारी मुहैया करा रहा था। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि बाबा सिद्दीकी की हत्या चौंकाने वाली घटना है। यह भयावह घटना महाराष्ट्र में पूरी तरह ध्वस्त कानून-व्यवस्था को उजागर करती है। सरकार को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और न्याय मिलना चाहिए।भाजपा नेता शहनवाज हुसैन बोले- बाबा सिद्दीकी की हत्या बहुत दुखद है। वे वरिष्ठ नेता थे और एनडीए में थे। बांद्रा इलाके में उनका बड़ा नाम था। वे बिहार के रहने वाले थे। मुंबई में उन्होंने बड़ा नाम कमाया था। 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, एक फरार है। शिवसेना-बीजेपी के राज में कोई भी हत्या करके बच नहीं सकता। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
#NCP नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या, महाराष्ट्र के कद्दावर नेताओं में थे शामिल
— DW Samachar (@dwsamachar) October 12, 2024
◾सलमान ख़ान के बेहद करीबी, सीने और पेट में लगी गोलियां, पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया।#BabaSiddique #NCP #Mahrashtra |Baba Siddique #BreakingNews #Mumbai @NCPspeaks #Trending pic.twitter.com/NWU8yC82Hf
इस गोलीबारी के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अभी भी फरार है। कोई भी कानून व्यवस्था को अपने हाथ में नहीं ले सकता। मुंबई पुलिस को सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उप-मुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडवनीश लीलावती अस्पताल पहुंचे। इसी साल फरवरी में कांग्रेस छोड़कर बाबा सिद्दीकी एनसीपी (अजीत पवार गुट) में शामिल हुए थे. वो पिछले 48 साल तक कांग्रेस में रहे थे। उस वक्त उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे पर लिखा था, मैं एक युवा किशोर के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी में शामिल हुआ था और यह 48 वर्षों तक चलने वाली एक महत्वपूर्ण यात्रा रही। आज मैं तत्काल प्रभाव से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं। शनिवार शाम को मरीन लाइंस स्टेशन के सामने बड़ा कब्रिस्तान में बाबा को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। बाबा सिद्दीकी के अंतिम सफर में राजनीति से लेकर फिल्मी सितारे शामिल होंगे।
बाबा सिद्दीकी बने बिहार के छोटे जिले से निकलकर मुंबई में बनाया अपना खास मुकाम-

एनसीपी अजीत पवार गुट के नेता और महाराष्ट्र में पूर्व मंत्री रहे बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद बिहार में भी कई नेताओं ने शोक जताया है। बाबा सिद्दीकी मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले थे। उनका जन्म 1956 में पटना में हुआ था। उनके परिवार का गांव गोपालगंज जिले के मांझा प्रखंड में शेखटोली है। कुछ साल पहले उन्होंने अपने बचपन की यादें ताजा करते हुए फेसबुक पर एक पोस्ट भी लिखा था।बाबा सिद्दीकी की हत्या पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक्स पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा कि बिहार से ताल्लुक रखने वाले एनसीपी के बड़े लीडरान में शामिल बाबा सिद्दीकी साहब के कत्ल की खबर बेहद गमजदा कर देने वाली है। वह एक जिन्दादिल इंसान थे। पाक परवरदिगार से दरखास्त है कि उन्हें जन्नत-उल-फिरदौस में उंचा मुकाम दें और उनके चाहने वालों को सब्र अता करें। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि महाराष्ट्र के वरीय नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का समाचार बेहद दुखद है। परवरदिगार से इल्तिजा है कि मरहूम को जन्नत में आला मकाम दें और परिजनों को सब्र और हिम्मत। महाराष्ट्र में एनडीए शासन में लगातार हो रही ऐसी आपराधिक घटनाओं को क्या नाम देंगे? बांद्रा पश्चिम से तीन बार विधायक रहे बाबा सिद्दीकी महाराष्ट्र में राज्य मंत्री रह चुके हैं। वे महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुंबई डिवीजन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने राजनीति की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में की थी। पहली बार बीएमसी में कॉरपोरेटर चुने गए थे। साल 1999, 2004 और 2009 में बांद्रा वेस्ट से विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं। साल 2014 के विधानसभा चुनाव में उनको हार का सामना करना पड़ा था। बाबा सिद्दीकी की राजनीतिक कर्मभूमि बांद्रा रही है। अधिकतर फिल्मी हस्तियां बांद्रा में ही रहती हैं। बॉलीवुड सितारों से उनकी दोस्ती के बारे में सब जानते हैं। वो पहली बार सुनील दत्त के संपर्क में आए थे। इसके बाद संजय दत्त के बेहद करीब हो गए। संजय के जरिए ही उनकी सलमान खान से मुलाकात हुई थी। इसके बाद बाबा सिद्दीकी की चर्चित इफ्तार पार्टियों में फिल्मी सितारों का आना-जाना शुरू हो गया। सलमान और शाहरुख में पैचअप कराने के लिए वो जाने जाते हैं। बताते चलें कि बाबा सिद्दीकी साल 2017 से प्रवर्तन निदेशालय की रडार पर थे। ईडी ने मई 2017 में कथित झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण घोटाले के संबंध में कांग्रेस नेता बाबा सिद्दीकी और अन्य के विभिन्न ठिकानों पर तलाशी ली थी। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी ने साल 2018 में उनकी करीब 462 करोड़ की संपत्ति अटैच की थी। मुंबबई के बांद्रा स्थित जमात-ए-जम्हूरियत मलिन बस्ती के पुनर्वास परियोजना में फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया था।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












