
बॉलीवुड और संगीत जगत के लिए आज बहुत बड़ी छति हुई है। चिट्ठी आई है गजल से देश दुनिया में मशहूर हुए गजल गायक पंकज उधास नहीं रहे। 72 साल की आयु में पंकज उधास ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन की जानकारी उनकी बेटी नायाब ने सोशल मीडिया पर दी है। गजल गायक पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। पंकज उधास को बड़ी पहचान फेमस गजल चिट्ठी आई है से मिली थी। गजल की दुनिया का बड़ा नाम रहे पंकज के जाने से इंडस्ट्री में शोक की लहर छा गई है। वहीं म्यूजिक जगत में मातम पसरा हुआ है। पंकज जैसे गजल गायक का यूं दुनिया छोड़ जाना फैंस को गमगीन कर गया है। हर कोई सोशल मीडिया पर नम आंखों से सिंगर को आखिरी श्रद्धांजलि दे रहा है। 17 मई 1951 को उनका जन्म गुजरात के जेतपुर में हुआ था। वो अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे।पंकज के दोनों भाई मनहर और निर्जल उधास म्यूजिक इंडस्ट्री में जाना-पहचाना नाम हैं। पंकज सात साल की उम्र से ही गाना गाने लगे थे। उन्होंने अपनी स्नातक की पढ़ाई मुंबई के मशहूर संत जेवियर्स कॉलेज से पूरी की है। पंकज उधास जब 11 साल के थे तब उन्होंने स्टेज पर ‘ए मेरे वतन के लोगों’ गाया था। इस गाने से लोग इतने प्रभावित हुए कि उन्हें किसी ने इनाम में 51 रुपए दिए थे। उन्होंने 1980 में अपना पहला एल्बम ‘आहट’ नाम से निकाला था। 1981 में उनका एल्बम ‘तरन्नुम’ और 1982 में ‘महफिल’ आया। इशके बाद पंकज उधास की किस्मत खुल गई और उन्हें बॉलीवुड से सिंगिंग के ऑफर मिलने लगे। पंकज ने गजल की दुनिया में खूब नाम कमाया है। 2006 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। साल 1986 में आई महेश भट्ट की फिल्म ‘नाम’ पंकज उधास के करियर की सबसे बड़ी फिल्म है। यूं तो इस फिल्म के लगभग सभी गीत सुपरहिट साबित हुए लेकिन ‘चिट्ठी आई है’ गाना आज भी श्रोताओं की आंखों को नम कर देता है। पकंज ने गंगा जमुना सरस्वती, बहार आने तक, थानेदार, साजन, दिल आश्ना है, फिर तेरी कहानी याद आई, ये दिल्लगी, मोहरा, मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी समेत कई सुपरहिट फिल्मों में गाने गाए हैं। पंकज उधास की पत्नी का नाम फरीदा है। जब दोनों की मुलाकात हुई उस वक्त पंकज ग्रेजुएशन कर रहे थे और फरीदा एयर होस्टेस थीं। दोनों में दोस्ती हुई और कुछ समय बाद यह दोस्ती प्यार में बदल गई। जब शादी की बात आई तो फरीदा के घर वाले इस शादी के खिलाफ थे। जब पंकज का गायकी की दुनिया में नाम हो गया तब वह फरीदा के पिता से उनका हाथ मांगने गए थे। दोनों ने परिवार की मर्जी से 11 फरवरी, 1982 को शादी कर ली थी।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












