
भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर के लिए डीपफेक ने चिंता बढ़ा रखी है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब केंद्र सरकार इस नए साइबर क्राइम को लेकर सख्त नियम बनाने जा रही है। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने बताया कि उन्होंने डीपफेक पर 2 बैठकें कीं। नए आईटी नियमों में गलत सूचना और डीपफेक को लेकर बड़े प्रावधान हैं। सभी के लिए इसका पालन करना अनिवार्य है, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। 7-8 दिनों में नए आईटी नियम नोटिफाई किए जाएंगे। पिछले महीने, सरकार ने सभी प्लेटफार्मों को आईटी नियमों का पालन करने का निर्देश दिया था और कंपनियों को प्रतिबंधित कंटेंट के बारे में यूजर्स को स्पष्ट और सटीक शब्दों में जानकारी देने का निर्देश दिया था। रश्मिका मंदाना सहित कई एक्टर्स को निशाना बनाने वाले कई ‘डीपफेक’ वीडियो के बाद सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के साथ सख्ती के साथ बातचीत की, क्योंकि लोगों में आक्रोश फैल रहा था और छेड़छाड़ के साथ कंटेंट बनाया जा रहा था। पिछले दिनों महान बैट्समैन सचिन तेंदुलकर का एक डीप फेक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें उन्हें ‘स्काईवर्ड एविएटर क्वेस्ट’ गेमिंग ऐप को प्रमोट करते दिखाया गया था। सचिन ने कहा था- यह वीडियो नकली है और धोखा देने के लिए बनाया गया है। इससे पहले 23 नवंबर को केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि ‘डीपफेक लोकतंत्र के लिए एक नया खतरा बनकर उभरा है।’ केंद्रीय मंत्री ने बताया था कि सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने डीपफेक के खतरे और इसकी गंभीरता को स्वीकार किया है। वैष्णव ने कहा था कि डीपफेक के क्रिएटर्स और उसको होस्ट करने वाले प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी तय होगी। डीपफेक शब्द पहली बार 2017 में यूज किया गया था। तब अमेरिका के सोशल न्यूज एग्रीगेटर Reddit पर डीपफेक आईडी से कई सेलिब्रिटीज के वीडियो पोस्ट किए गए थे। इसमें एक्ट्रेस एमा वॉटसन, गैल गैडोट, स्कारलेट जोहानसन के कई पोर्न वीडियो थे। किसी रियल वीडियो, फोटो या ऑडियो में दूसरे के चेहरे, आवाज और एक्सप्रेशन को फिट कर देने को डीपफेक नाम दिया गया है। ये इतनी सफाई से होता है कि कोई भी यकीन कर ले। इसमें फेक भी असली जैसा लगता है। इसमें मशीन लर्निंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लिया जाता है। इसमें वीडियो और ऑडियो को टेक्नोलॉजी और सॉफ्टवेयर की मदद से बनाया जाता है।
यह भी पढ़े: घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने उत्तर भारत का जनजीवन किया अस्त-व्यस्त, तीन दिन कोल्ड डे की बनी रहेगी स्थित
यह भी पढ़े: गौतम अडानी मुकेश अंबानी को पछाड़कर एक बार फिर भारत के सबसे रईस और विश्व में 12वें नंबर के बिजनेसमैन बने
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












