जहानाबाद जिले के मलाहचक गांव में महिलाओं ने एक बार फिर अपनी ताकत और एकजुटता का परिचय दिया। पिछले करीब 10 वर्षों से आयोजित हो रही मटका फोड़ प्रतियोगिता का इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में लगभग 20 से 40 महिलाओं के समूह ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि महिलाओं ने खुद ही मटका बांधा और फिर सामूहिक प्रयास से उसे फोड़ा। प्रतियोगिता के दौरान उत्साह का माहौल देखने लायक था। महिलाएं देशभक्ति और हिंदी गीतों पर झूमती नजर आईं और डीजे की धुन पर जमकर नृत्य भी किया।
प्रतियोगिता में शामिल महिलाओं ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य यह संदेश देना है कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। बिहार में जिस प्रकार महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, उसका जीवंत उदाहरण जहानाबाद में देखने को मिला।
रिंकी कुमारी का शानदार प्रदर्शन मटका फोड़ प्रतियोगिता में रिंकी कुमारी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। हालांकि प्रतियोगिता के दौरान कुछ महिलाओं को हल्की-फुल्की चोटें भी आईं, लेकिन उनका उत्साह कम नहीं हुआ। सभी महिलाएं पूरे जोश और खुशी के साथ कार्यक्रम में शामिल रहीं।
मलाहचक में आयोजित यह अनोखी प्रतियोगिता पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। महिलाओं की एकजुटता और भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रही है। यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश है।
Jehanabad News: Women hold a unique pot-breaking competition, saying they are no less than men.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












