जहानाबाद लक्ष्मी सांगवेद प्राथमिक सह माध्यमिक संस्कृत विद्यालय में विश्व संस्कृत दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्कृत भाषा के महत्व और उसके संरक्षण पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षाविद डॉ. एस.के. सुनील ने की। उन्होंने संस्कृत को हमारी राष्ट्रीय अस्मिता की पहचान बताते हुए कहा कि यह न केवल हमारी देव भाषा है बल्कि जीविकोपार्जन से लेकर उच्च शिक्षा तक में असीम अवसर प्रदान करती है।
मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य एवं राजभाषा समिति, पटना के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि संस्कृत के उत्थान से भारत की संस्कृति का विकास होगा और राष्ट्र का गौरव बढ़ेगा। उन्होंने कहा—संस्कृत हमारी संस्कृति और संस्कार की मूल भाषा है। इस विषय से पढ़कर लोग सिविल सर्विस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हो रहे हैं। हमारी सरकार संस्कृत के उत्थान के लिए कृतसंकल्पित है। आने वाले समय में संस्कृत विद्यालयों के विकास के अधूरे कार्य हर हाल में पूरे किए जाएंगे।”
उन्होंने संस्कृत विद्यालयों के उन्नयन के लिए अपने निधि से सहयोग देने का भी आश्वासन दिया। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। बच्चों ने कबीर के दोहे, हिंदी कविता, धूम्रपान पर प्रहसन, भागवत गीता के श्लोक, कृष्ण भक्ति गीत, भजन, नृत्य और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में दसवीं कक्षा के छात्र सौरभ कुमार ने गीता के जीवन दर्शन पर श्लोकों के माध्यम से अपने विचार रखे, जबकि आठवीं के छात्र अमृत रतन ने संस्कृत विषय का इतिहास बताया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. साधना शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज कुमार, लोजपा नेत्री डॉ. इंदु कश्यप, स्वामी देवकीनंदन भारद्वाज संस्कृत महाविद्यालय सरोती के प्राचार्य डॉ. इन्द्रदेव शर्मा, सावित्री सुमन, प्रो. कावेरी वेंकटेश, वरिष्ठ पत्रकार संतोष श्रीवास्तव, डॉ. रोहित राज, प्रो. कृष्ण मुरारी, सतीश कुमार, नारायण निराला सहित बड़ी संख्या में विद्वान एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन आचार्य अनिल शर्मा और शिक्षिका बिंदु कुमारी ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्राचार्य उपेंद्र कुमार ने दिया।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












