सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: रोजिएट पेटल्स स्कूल का पहला वार्षिकोत्सव बना यादगार, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन।

जहानाबाद स्थित रोजिएट पेटल्स स्कूल में बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ विद्यालय का पहला वार्षिकोत्सव समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर बच्चों की मुस्कान, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अभिभावकों की तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक राहुल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग, स्कूल संचालक और शिक्षक भी समारोह में शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राहुल कुमार ने कहा कि आज ये छोटे-छोटे बच्चे आने वाले समय में देश और जिले का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि इन्हीं बच्चों में से कोई डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक या समाजसेवी बनकर समाज और जिले के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विधायक ने कहा कि आज के समय में एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती हैं।
शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विधायक ने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक बच्चों के दूसरे अभिभावक होते हैं, जो उन्हें सही दिशा देने का कार्य करते हैं। स्कूल वह स्थान है, जहां बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचान कर निखारा जाता है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के बच्चे ही आने वाले समय का भविष्य हैं। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया और कहा कि शिक्षा से निकला ज्ञान समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करता है।
वहीं चर्चित दंत चिकित्सक डॉ. एकता ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य माता-पिता के सहयोग और सही मार्गदर्शन पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियों ने उन्हें अपना बचपन याद दिला दिया। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई और मेहनत ही सफलता की कुंजी है और आज वे जिस मुकाम पर हैं, वह शिक्षा की बदौलत संभव हो पाया है।
इस अवसर पर बच्चों ने नृत्य, गीत और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। कार्यक्रम के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल रेखा कुमारी ने बच्चों और उनके अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। वहीं स्कूल के डायरेक्टर पुरुषोत्तम सर ने भी बच्चों को प्रेरणादायक संदेश दिया। समारोह में अनुपी विद्यापीठ की ज्ञानदा प्रियदर्शी, द विंग्स स्कूल के डायरेक्टर संतोष शर्मा, रोजिएट स्कूल के अमित कुमार, वरिष्ठ पत्रकार संतोष श्रीवास्तव, पत्रकार वरुण कुमार, एहतेशाम अहमद, अमर, चंदन कुमार सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर सभी अतिथियों ने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की

Jehanabad News: The first annual function of Roseate Petals School became memorable, the colourful presentations of the children captivated the audience.

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News