सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: पर्यावरण एवं वन विभाग की योजनाओं की समीक्षा, तालाबों के किनारे जैव विविधता बढ़ाने के निर्देश

जहानाबाद बिहार सरकार के सहकारिता सह पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जहानाबाद परिसदन परिसर में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर आयोजित की गई।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान विभाग द्वारा कराए गए विभिन्न कार्यों की अद्यतन स्थिति से माननीय मंत्री को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं भविष्य की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

इस दौरान माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने जहानाबाद जिले के प्रमुख तालाबों—काको पनिहास, मांदिल तालाब, दक्षिणी मंदिर तालाब एवं अमथुआ तालाब—के आसपास जैव विविधता बढ़ाने के उद्देश्य से पौधारोपण कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने पीपल, बरगद, पाकड़, जामुन, नीम, आम सहित अन्य पर्यावरण अनुकूल एवं जैव विविधता से जुड़े पौधों के रोपण पर विशेष जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि तालाबों के चारों ओर पौधारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा, बल्कि जल संरक्षण और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान भैख संयुक्त वन प्रबंधन समिति द्वारा निर्मित अरण्यक के विभिन्न उत्पादों जैसे मोरिंगा पाउडर, शहद एवं बेर का अचार आदि की भी जानकारी दी गई। इन वन उत्पादों को देखकर और उनकी गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त कर माननीय मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे ग्रामीण आजीविका के लिए सराहनीय पहल बताया।

मंत्री ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से वन आधारित रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने वन प्रबंधन समितियों को और सशक्त करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

समीक्षा बैठक में गया वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी, सहायक वन संरक्षक गया सहित जहानाबाद वन प्रक्षेत्र के क्षेत्रीय वन पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jehanabad News: Review of plans of Environment and Forest Department, instructions to increase biodiversity along the banks of ponds

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News