सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: कड़ाके की ठंड में रेडक्रॉस बना सहारा, कंबल पाकर खिले सैकड़ों गरीबों के चेहरे।

जहानाबाद कड़ाके की ठंड से जूझ रहे अत्यंत गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला इकाई एक बार फिर राहत बनकर सामने आई। स्थानीय पश्चिमी गांधी मैदान स्थित रेडक्रॉस भवन के सभाकक्ष में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में चिन्हित ढाई सौ अत्यंत गरीब व असहाय लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया गया।
इस राहत वितरण कार्यक्रम का नेतृत्व रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. सत्येन्द्र कुमार ने किया। कार्यक्रम में वाइस चेयरमैन इबरार अहमद, कोषाध्यक्ष अश्विनी कुमार, एग्जीक्यूटिव कमेटी के वरीय सदस्य रंजन कुमार सहित सोसाइटी के कई अन्य सदस्य भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। कंबल पाकर ठंड से कंपकंपा रहे जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष की मुस्कान साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी सह रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस प्रेसिडेंट राजीव रंजन सिन्हा, चेयरमैन डॉ. सत्येन्द्र कुमार, कोषाध्यक्ष अश्विनी कुमार एवं रंजन कुमार ने स्वयं जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए। बताया गया कि रेडक्रॉस सोसाइटी की प्रबंध समिति द्वारा पूर्व में ही अत्यंत जरूरतमंद लोगों की पहचान कर ली गई थी, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
इस अवसर पर अपने संबोधन में चेयरमैन डॉ. सत्येन्द्र कुमार ने कहा कि “भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी पीड़ित मानवता की सेवा के अपने मूल उद्देश्य को लेकर हमेशा जरूरतमंदों के साथ खड़ी रहती है। हर वर्ष ठंड के मौसम में गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल देकर राहत पहुंचाना हमारी नियमित सेवा का हिस्सा है।” उन्होंने कहा कि इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, अग्निकांड एवं अन्य आपदाओं के समय भी रेडक्रॉस पीड़ितों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराता रहा है और आगे भी समाज के कमजोर वर्गों की सेवा में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करता रहेगा।
डॉ. कुमार ने रेडक्रॉस के कार्यों में संवेदनशील सहयोग देने के लिए वाइस प्रेसिडेंट सह अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के सकारात्मक सहयोग से जिले में रेडक्रॉस की सामाजिक गतिविधियां और अधिक प्रभावी हो रही हैं। एसडीओ ने की रेडक्रॉस प्रबंध समिति की सराहना। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा ने रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “रेडक्रॉस सोसाइटी जरूरतमंदों की सेवा के लिए अत्यंत सराहनीय कार्य कर रही है। ठंड के इस कठिन समय में सही वक्त पर कंबल वितरण यह दर्शाता है कि संस्था के पदाधिकारी और प्रबंध समिति पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं।”
उन्होंने विश्वास जताया कि रेडक्रॉस सोसाइटी भविष्य में भी हर जरूरत के समय इसी तत्परता से लोगों की सेवा करती रहेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों, एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी के कई अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Jehanabad News: Red Cross became a support in the severe cold, faces of hundreds of poor people brightened after receiving blankets.

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News