गुरु, फ़रवरी 5, 2026

Jehanabad News: नीट छात्रा की संदिग्ध मौत पर गरमाई सियासत, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने परिजनों से मिलकर दिया न्याय का भरोसा।

जहानाबाद रतनी फरीदपुर नीट की तैयारी कर रही एक मेधावी छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा जहानाबाद जिले के रतनी फरीदपुर प्रखंड अंतर्गत पीड़ित छात्रा के गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
उपमुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार की पीड़ा को गंभीरता से सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उनका रसूख कितना भी बड़ा क्यों न हो।
परिजनों ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपनी व्यथा रखते हुए बताया कि अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईटी जांच टीम जांच के नाम पर परिवार को ही प्रताड़ित कर रही है। परिजनों का कहना है कि पहले दिन में बार-बार घर आकर पूछताछ की जाती थी, अब रात के समय भी दबाव बनाया जा रहा है। यहां तक कि रिश्तेदारों के घरों पर भी रात में जाकर पूछताछ की जा रही है, जिससे पूरा परिवार मानसिक तनाव में है।


परिजनों की बात सुनने के बाद उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री स्वयं इस प्रकरण पर नजर बनाए हुए हैं और एसआईटी जांच की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात सामने आता है, तो सरकार सीबीआई जांच से पीछे नहीं हटेगी।
सीबीआई जांच की मांग और रसूखदार लोगों के जांच के दायरे में आने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल एसआईटी जांच कर रही है, जिसकी निगरानी खुद डीजीपी कर रहे हैं। सरकार जांच एजेंसी को पूरा अवसर दे रही है, लेकिन यदि यह साबित होता है कि निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है, तो मामले को सीबीआई को सौंपा जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक होनहार छात्रा की मौत केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की अपूरणीय क्षति है। सरकार की प्राथमिकता है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस मौके पर अरवल के भाजपा विधायक मनोज शर्मा, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, भाजपा एमएलसी अनिल शर्मा, पूर्व एमएलसी राधा मोहन शर्मा, घोसी जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा नेता अजय सिंह टुन्नू, पूर्व जिला परिषद सदस्य कृष्ण कुमार, पूर्व जदयू जिला अध्यक्ष गोपाल कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद परिजनों को कुछ हद तक न्याय की उम्मीद बंधी है, वहीं ग्रामीणों ने भी निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग दोहराई है।

Jehanabad News: Politics heats up over suspicious death of NEET student, Deputy CM Vijay Sinha meets family and assures justice.

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

I am Journalist covering News around Jehanabad and Bihar

Relates News

Discover more from DW Samachar

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading