आत्मनिर्भर पंचायत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
टॉपबैंड।
जहानाबाद बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के तत्वावधान में जिला पंचायत संसाधन केन्द्र, जहानाबाद द्वारा स्वयं स्त्रोत राजस्व विषय पर एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायती राज संस्थाओं को वित्तीय रूप से सुदृढ़ बनाना तथा पंचायत स्तर पर स्वयं स्त्रोत राजस्व के प्रभावी संग्रह, प्रबंधन एवं उसके पारदर्शी उपयोग को बढ़ावा देना है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के माननीय मुखियागण, प्रखण्ड कार्यपालक सहायक सह पंचायत सचिव, तथा पंचायत कार्यपालक सहायक एवं डाटा इंट्री ऑपरेटर भाग लेंगे। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को पंचायत की आय बढ़ाने के विभिन्न स्रोतों की जानकारी दी जाएगी, ताकि पंचायतें सरकारी अनुदानों पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भर बन सकें। प्रशिक्षण के दौरान स्वयं स्त्रोत राजस्व की अवधारणा एवं उसके महत्व, पंचायत स्तर पर कर एवं शुल्क संग्रह की प्रक्रिया, वित्तीय पारदर्शिता, लेखा-जोखा एवं अभिलेख संधारण, साथ ही व्यवहारिक समस्याओं और उनके समाधान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला पंचायत संसाधन केन्द्र, जहानाबाद के प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से पंचायत प्रतिनिधि एवं कर्मी न केवल अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे, बल्कि पंचायतों के समग्र विकास और आत्मनिर्भर पंचायत की परिकल्पना को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Jehanabad News: One day training of Panchayat representatives on self-source revenue
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












