जहानाबाद: धान अधिप्राप्ति को लेकर सख्त निर्देश, बांग्लादेश घटना पर भी बोले सहकारिता मंत्री।
जहानाबाद में सहकारिता मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने सर्किट हाउस में धान अधिप्राप्ति को लेकर विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों के साथ जिले के विभिन्न पैक्स अध्यक्ष भी उपस्थित रहे। इस दौरान मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि धान अधिप्राप्ति के दौरान किसी भी किसान को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार और बिहार सरकार की मंशा है कि इस वर्ष शत-प्रतिशत धान अधिप्राप्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पैक्स स्तर से लेकर जिला प्रशासन तक हर स्तर पर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं पैक्स अध्यक्षों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो और पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाए।
बैठक के दौरान धान खरीद से जुड़ी व्यवस्थाओं, भुगतान प्रक्रिया तथा लॉजिस्टिक व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की निर्मम हत्या की घटना पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि संघ में ही शक्ति है, इसलिए देशवासियों को जाति और धर्म के नाम पर बंटने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब समाज कमजोर हुआ, तब देश को विभाजन जैसी त्रासदी का सामना करना पड़ा।
मंत्री ने आगे कहा कि आज भी कुछ शरारती तत्व समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब देश की जनता जागरूक हो चुकी है और ऐसे तत्वों को मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने एकजुटता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि एकता ही देश की सबसे बड़ी ताकत है।
Jehanabad News: Negligence in paddy procurement will not be tolerated, farmers should not face any problem: Pramod Kumar Chandravanshi
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












