जहानाबाद खुशी का कोई भी पर्व हो या त्योहार, परिवार के बिना जीवन बिता रहे वृद्धों के लिए ऐसे मौके अक्सर फीके रह जाते हैं। लेकिन मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जहानाबाद स्थित वृद्धाश्रम में एक अलग ही भावनात्मक दृश्य देखने को मिला, जब नवनिर्माण संस्थान द्वारा बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों के बीच कंबल तथा चूड़ा-तिलकुट का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य में नवनिर्माण संस्थान के सचिव संजय शर्मा, अरविंद कुमार अजांस, अजय विश्वकर्मा सहित संस्था के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और बुजुर्गों को स्नेहपूर्वक सामग्री भेंट की। वितरण के दौरान वृद्धों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। इस अवसर पर नवनिर्माण संस्थान के सचिव संजय शर्मा ने कहा कि जब भी किसी पर्व या त्योहार का अवसर आता है, इन बुजुर्गों की स्थिति स्वतः मन को व्यथित कर देती है। उन्होंने कहा, “बहुत अफसोस होता है जब इन बुजुर्गों को अकेला देखते हैं। हम लोग अपनी क्षमता के अनुसार जो भी संभव होता है, उसे अर्पित करने का प्रयास करते हैं। वहीं अरविंद कुमार अजांस एवं अजय विश्वकर्मा ने समाज के अन्य लोगों से भी आगे आकर ऐसे बुजुर्गों की मदद करने की अपील की, ताकि उन्हें भी पर्व-त्योहारों की खुशी का अहसास हो सके। नवनिर्माण संस्थान के कार्यकर्ता संजय कुमार ने कहा कि अब संस्था यह संकल्प ले चुकी है कि भविष्य में कोई भी पर्व या कार्यक्रम हो, उसे वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ मिलकर ही मनाया जाएगा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “भले ही इनके अपने बच्चों ने इन्हें यहां छोड़ दिया हो, लेकिन अब संस्था के सभी सदस्य इनके बच्चे हैं और माता-पिता की सेवा समझकर हम इनकी सेवा करेंगे। मकर संक्रांति के अवसर पर यह कार्य कर मुझे गर्व और आत्मिक संतोष की अनुभूति हो रही है।”
कार्यक्रम के अंत में बुजुर्गों ने संस्था के सदस्यों को आशीर्वाद दिया और इस मानवीय पहल की सराहना की।
Jehanabad News: Navnirman Sansthan distributed blankets and chuda-tilkut in the old age home on Makar Sankranti, smiles returned on the faces of the elderly.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












