जहानाबाद जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय राजमिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर गया–पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-22 को जाम कर दिया। जाम के कारण करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
मृतक की पहचान परस बीघा थाना क्षेत्र के शकुरगंज गांव निवासी मोहम्मद गुड्डू अंसारी (40) के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था और बुधवार शाम लगभग 5 बजे जहानाबाद से काम समाप्त कर घर लौट रहा था। इसी दौरान मेघड़िया गांव के पास बाइपास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे में गंभीर रूप से घायल मोहम्मद गुड्डू को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से टेंपो से जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर गया–पटना NH-22 को जाम कर दिया और कुछ स्थानों पर आगजनी भी की। प्रदर्शनकारियों ने मुआवजे और स्थायी समाधान की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ओवरब्रिज/अंडरपास नहीं होने से बढ़ रहा खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि बाइपास सड़क बनने के बाद इस स्थान पर लगातार हादसे हो रहे हैं। ओवरब्रिज या अंडरपास की व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों को सड़क पार करते समय जान जोखिम में डालनी पड़ती है। कई बार प्रशासन और सरकार से मांग के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था मृतक
ग्रामीण जसीम अख्तर ने बताया कि मोहम्मद गुड्डू अंसारी अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था और राजमिस्त्री का काम कर घर चलाता था। बाइपास पार करने के दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हुआ और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दो घंटे तक जाम, यात्रियों को भारी परेशानी
राष्ट्रीय राजमार्ग जाम रहने से गया और पटना की ओर जाने वाले वाहन फंसे रहे। यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंसे नजर आए।
पुलिस ने समझा-बुझाकर हटवाया जाम
परस बीघा थाना अध्यक्ष शिशुपाल ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद NH-22 जाम कर दिया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वरीय पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया गया।
जांच शुरू, कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस के अनुसार अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया है। साथ ही भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है।
Jehanabad News: Mason dies in road accident; angry villagers block NH-22, halting traffic for hours
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












