जहानाबाद बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जहानाबाद द्वारा स्थानीय वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता शिविर सह संयुक्त निरीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार अध्यक्ष ब्रजेश कुमार एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) सह प्रभारी सचिव कौशलेंद्र कुमार शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान अधिकारियों ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से सीधे संवाद कर उनके दैनिक जीवन, स्वास्थ्य, भोजन, आवास और पारिवारिक स्थिति से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में आश्रम की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि माता-पिता एवं बुजुर्गों की उपेक्षा के विरुद्ध कानून में ठोस प्रावधान मौजूद हैं और ऐसे मामलों में जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से जरूरतमंदों को हरसंभव विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्गों का सम्मान केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि भारतीय समाज और संस्कृति की मूल भावना है, जिसे हर व्यक्ति को निभाना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग पूनम कुमारी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने वृद्धाश्रमों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी और प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। अंत में उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन भी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर लीगल डिफेंस काउंसिल के सदस्य अधिवक्ता बैद्यनाथ शरण ने “लीगल सर्विसेज टू सीनियर सिटीजन्स स्कीम, 2016” के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं संरक्षण प्रदान किया जाता है। उन्होंने सभी वृद्धजनों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम का सफल संचालन भी उनके द्वारा किया गया।
आश्रम के संचालक और ग्रामीण विकास संघ के निदेशक कृष्ण गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में आश्रम में लगभग 25 असहाय एवं बेसहारा लोगों की देखभाल की जा रही है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को आश्रय देना और उनकी सेवा करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है, जिसमें उनका पूरा परिवार सहयोग करता है।
इस शिविर के माध्यम से वृद्धजनों को उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और सम्मानजनक जीवन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि आश्रम में एक पैरा लीगल वॉलंटियर (PLV) की नियुक्ति की जाएगी, जो नियमित रूप से बुजुर्गों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेगा।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मी मनोज कुमार दास, पीएलवी शशि भूषण कुमार सिन्हा, विमल कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और संस्था के सदस्य उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
Jehanabad News: Legal awareness camp and inspection at old age home, elderly people given information about their rights












