जहानाबाद कड़ाके की ठंड को देखते हुए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जहानाबाद की ओर से मानवता की मिसाल पेश करते हुए शताधिक अति-जरूरतमंद लोगों के बीच लगभग 100 कंबलों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम पश्चिम गांधी मैदान स्थित रेडक्रॉस भवन के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कंबल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ सोसायटी के चेयरमैन डॉ. सत्येंद्र कुमार एवं वाइस-चेयरमैन इबरार अहमद द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. सत्येंद्र कुमार ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना रेडक्रॉस सोसायटी का मूल दायित्व है। भीषण ठंड के इस दौर में कंबल वितरण कर रेडक्रॉस सोसायटी, जहानाबाद अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सोसायटी अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
वहीं वाइस-चेयरमैन इबरार अहमद, सचिव राजकिशोर प्रसाद एवं कोषाध्यक्ष अश्विनी कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी मानवता के पक्ष में हमेशा खड़ी रही है और संकट की हर घड़ी में जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहती है। इसके उपरांत चयनित लाभार्थियों के बीच कंबलों का वितरण किया गया।
बताया गया कि जिन लोगों को कंबल प्रदान किए गए, वे सभी अति-जरूरतमंद थे। उनके नामों का चयन रेडक्रॉस सोसायटी, जहानाबाद की प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्यों द्वारा किया गया था।
कार्यक्रम में प्रबंध समिति सदस्य रंजन कुमार, रजनीश कुमार, आजीवन सदस्य विभूति नारायण सिंह, पंकज कुमार, भारत स्काउट एंड गाइड के हरिशंकर कुमार, शुभम कुमार, निशा भारती, खुशी कुमारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव राजकिशोर प्रसाद ने की, जबकि संचालन सचिन द्वारा किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Jehanabad News: Indian Red Cross Society, Jehanabad distributed blankets among the needy.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












