सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक उठाऊंगा आवाज : सांसद डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव


पतियामा गांव पहुंच शोकाकुल परिवार से मिले सांसद, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग।


जहानाबाद पतियामा गांव में हुई हृदयविदारक घटना को लेकर रविवार को जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली और इस दौरान भावुक हो उठे। सांसद ने कहा कि इस घटना से केवल एक परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा जहानाबाद जिला मर्माहत और शोकाकुल है।
उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इसमें शामिल दोषियों की पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकतीं। अब जब सच्चाई सामने आ चुकी है, तो सरकार और प्रशासन का दायित्व बनता है कि इस जघन्य कृत्य में रत्ती भर भी शामिल प्रत्येक व्यक्ति को चिन्हित कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाए।
सांसद डॉ. यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएंगे। उन्होंने राज्य सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यह कहते हैं कि 2005 से पहले महिलाएं घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं, लेकिन आज हालात यह हैं कि महिलाएं अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार यह दावा करती है कि न तो किसी को फंसाया जाता है और न ही बचाया जाता है, तो फिर अब तक इस मामले में दोषियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। उन्होंने सरकार से मांग की कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसे नारों पर पुनर्विचार किया जाए। सांसद ने कहा कि इस दर्दनाक घटना की क्षतिपूर्ति संभव नहीं है, लेकिन न्याय के रूप में सरकार को पीड़िता के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा तथा एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करनी चाहिए। अंत में सांसद ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो वे राजनीति छोड़कर खेती-बाड़ी में लग जाएंगे। सांसद के इस आश्वासन से पीड़ित परिवार को कुछ ढांढस बंधा है और ग्रामीणों ने भी प्रशासन से त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

Jehanabad News: I will raise my voice from the streets to the House to get justice for the victim’s family: MP Dr. Surendra Prasad Yadav

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News