जहानाबाद। जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत कल्पा पंचायत के बाजार टाली गांव में ग्लासेस फॉर लाइवलीहुड प्रोजेक्ट के तहत एक विशेष निशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर डीबीएस और पीसीआई के सहयोग से प्रयत्न नारी शक्ति महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुनीता कुमारी, संघ की अध्यक्ष नीतू कुमारी और समिति के प्रबंधक संदीप कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस शिविर में करीब 350 महिलाओं ने भाग लिया और अपनी आंखों की जांच करवाई। इस अवसर पर समिति के FDE संतोष कुमार ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य 35 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की आंखों की जांच कर उन्हें मुफ्त चश्मा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद जिन महिलाओं को देखने में समस्या पाई गई, उन्हें तुरंत निशुल्क चश्मा दिया गया, जिससे महिलाओं के बीच काफी खुशी देखी गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई महिलाएं घरेलू कामकाज में इतनी व्यस्त रहती हैं कि अपनी सेहत, खासकर आंखों की समस्या को नजरअंदाज कर देती हैं। अक्सर महिलाएं धुंधला दिखाई देने या आंखों में कमजोरी होने के बावजूद इसे सामान्य थकान समझकर अनदेखा कर देती हैं और समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पातीं।
उन्होंने बताया कि आंख शरीर का बेहद महत्वपूर्ण अंग है। यदि आंखों की रोशनी कमजोर हो जाए तो व्यक्ति के दैनिक जीवन पर इसका सीधा असर पड़ता है। उम्र बढ़ने के साथ-साथ कई लोगों को देखने में दिक्कत होने लगती है, खासकर उन महिलाओं को जो सिलाई-कढ़ाई, चावल-दाल चुनना, खाना बनाना, कपड़े धोना और अन्य घरेलू कार्य करती हैं, जिनमें आंखों का अधिक उपयोग होता है।
इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह संस्था जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर महिलाओं की आंखों की जांच कर रही है और जरूरतमंद महिलाओं को निशुल्क चश्मा उपलब्ध करा रही है। यदि किसी महिला की आंखों में गंभीर समस्या पाई जाती है, तो उसे आगे की जांच और उपचार के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल जाने की सलाह दी जाती है। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसके साथ ही यह संगठन महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी काम कर रहा है। संस्था महिलाओं को छोटे-छोटे रोजगार से जोड़ने के लिए बकरी पालन, मुर्गी पालन, सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटीशियन प्रशिक्षण जैसे कार्यों में भी सहयोग प्रदान करती है, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
इस शिविर में समिति की लेखपाल रुक्मिणी देवी, चंद्रकांत, दीपक कुमार, गायत्री देवी, नीलू देवी, बसंती देवी, चिंता देवी सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे और शिविर के सफल संचालन में सहयोग किया।
ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर से उन्हें काफी लाभ मिल रहा है और अब वे अपनी आंखों के स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक हो रही हैं।
Jehanabad News: Free eye check-up camp in Bazar Tali village of Kalpa Panchayat, free spectacles given to women above 35 years of age
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












