जहानाबाद होली पर्व के अवसर पर होने वाले होलिका दहन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अग्निशमन विभाग बिहार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जहानाबाद में अग्नि सुरक्षा को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों ने होलिका दहन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अलंक्रिता पांडेय (जिला पदाधिकारी) तथा अपराजित लोहन (पुलिस अधीक्षक) की उपस्थिति रही। वहीं कार्यक्रम का संचालन स्नेही सोनम (जिला अग्निशमन पदाधिकारी) की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि होलिका दहन के समय थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी लोगों को खुले और सुरक्षित स्थान पर ही होलिका दहन करने की सलाह दी गई। साथ ही यह भी कहा गया कि होलिका दहन स्थल के आसपास पर्याप्त दूरी बनाए रखें तथा आसपास पानी या बालू की व्यवस्था रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत आग पर काबू पाया जा सके। अग्निशमन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि होलिका दहन के लिए लकड़ी और प्राकृतिक सामग्री का ही उपयोग किया जाए। प्लास्टिक, रबर या अन्य ज्वलनशील एवं हानिकारक पदार्थों को जलाने से बचने की अपील की गई है। इसके अलावा बिजली के तार, ट्रांसफॉर्मर, सूखी झोपड़ियों, खेतों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों के पास होलिका दहन नहीं करने की सलाह दी गई। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि पर्व को आपसी भाईचारे और सुरक्षित माहौल में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति होने पर तुरंत अग्निशमन विभाग या आपात सेवा नंबर 101 / 112 पर सूचना दें। प्रशासन की ओर से यह भी बताया गया कि होली और होलिका दहन के दौरान फायर ब्रिगेड की टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Jehanabad News: Fire brigade on alert mode for Holika Dahan, important security information provided in presence of DM-SP
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












