जहानाबाद ग्राम पंचायत मकरपुर में पंचायत सरकार भवन निर्माण हेतु भूमि चयन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में ग्राम सभा से सर्वसम्मति से पारित भूमि को नजरअंदाज कर नियमों के विरुद्ध किसी अन्य स्थान पर भवन निर्माण की अनुमति की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत सरकार भवन निर्माण हेतु रैयती भूमि खाता संख्या 199, प्लॉट संख्या 399, रकबा 66 डिसमिल को ग्राम सभा से विधिवत प्रस्ताव पारित कर चयनित किया गया था। उक्त भूमि पर तत्कालीन अंचलाधिकारी एवं जिलाधिकारी द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया गया था। इसके बाद निदेशक, पंचायती राज विभाग,पटना पत्रांक 2478 दिनांक 02 नवंबर 2023 के माध्यम से प्रस्ताव भेजा गया, जिस पर भवन निर्माण हेतु टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। जिसे आपत्ति के बाद अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा निरस्त कर दिया गया। इसके पश्चात पुनः अंचलाधिकारी द्वारा पूर्व में पारित भूमि को ही पत्रांक 1933 दिनांक 23 नवंबर 2024 के माध्यम से भेजा गया। बावजूद इसके अब ग्राम पंचायत की अनुशंसा और ग्राम सभा के प्रस्ताव के बिना किसी अन्य प्लॉट को आगे बढ़ाया जा रहा है, जो पंचायती राज विभाग के दिशा-निर्देशों के खिलाफ है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में चयनित भूमि वाणावर मेन रोड पर स्थित है, जो पंचायत के सभी 14 वार्डों के लिए सुगम एवं सुरक्षित है। जबकि प्रस्तावित नई भूमि एकांत स्थान पर है, जहाँ पहुँचने के लिए 9 वार्ड के लोगों को लगभग 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इस पूरे मामले पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) सुजीत कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुए हैं और सभी बिंदुओं पर विधिवत जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस स्थल पर भवन निर्माण की बात हो रही है, वहाँ पहले से एक मंदिर स्थित होने की जानकारी मिली है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि वे मंदिर हटाने के लिए सहमत हैं।
डीपीआरओ ने स्पष्ट किया कि स्थल निरीक्षण के बाद, ग्रामीणों की मांग, एनओसी और नियमों के आलोक में ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी भूमि पर भवन निर्माण की अनुमति नहीं दी गई है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण पूर्व में ग्राम सभा द्वारा चयनित प्लॉट संख्या 399 पर ही कराया जाए, ताकि यह पूरे पंचायत के हित में हो सके।
Jehanabad News: Dispute in Makarpur over the land of Panchayat Government Building, DPRO assured of site inspection.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












