जहानाबाद जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित राष्ट्रीय टच रग्बी प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर वर्ग में खिताब अपने नाम किया, जबकि सीनियर वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए जहानाबाद टच रग्बी एसोसिएशन के सचिव विकास कुमार ने बताया कि जहानाबाद जिले के दो होनहार खिलाड़ी रूपेश कुमार और अमन कुमार ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर बिहार टीम में जगह बनाई और टीम को पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि जूनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में बिहार की टीम ने मेजबान जम्मू-कश्मीर को 5-0 से हराकर खिताब जीत लिया। वहीं सीनियर वर्ग में बिहार की टीम ने राजस्थान को 5-0 से पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस सफलता पर जहानाबाद टच रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप प्रकाश ने दोनों खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर समाजसेवी गौरव कुमार, रग्बी कोच प्रकाश कुमार, विक्रम कुमार, आकाश कुमार, रोहित कुमार, गौतम कुमार सहित कई खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जाहिर की और टीम की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। बिहार की इस सफलता से जिले में खेल के प्रति उत्साह का माहौल बना हुआ है।
Jehanabad News: Bihar’s excellent performance in Touch Rugby, junior team became champion, senior got third place












