मंगल, अप्रैल 14, 2026

Jehanabad News: ‘वर्ल्ड ग्लूकोमा वीक’ पर जागरूकता रैली, आंखों की जांच और जागरूकता पर दिया गया जोर।

जहानाबाद वर्ल्ड ग्लूकोमा वीक (8 मार्च से 14 मार्च 2026) के अवसर पर सदर अस्पताल, जहानाबाद में एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस वर्ष का थीम “Uniting for a Glaucoma-Free World” रखा गया है। रैली का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. हरीश चंद्र चौधरी तथा कार्यकारी अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मीना कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर लोगों को ग्लूकोमा यानी काला मोतियाबिंद जैसी गंभीर आंखों की बीमारी के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को ग्लूकोमा के लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी देना था। रैली में जीएनएम स्कूल के विद्यार्थी, प्रशिक्षु, नेत्र नोडल पदाधिकारी (नेत्र रोग विशेषज्ञ) डॉ. समीर कुमार लाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजेश कुमार, नेत्र सहायक शैलेश प्रसाद, प्रधान लिपिक गणेश कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मियों ने भाग लिया। सिविल सर्जन ने बताया कि ग्लूकोमा या काला मोतियाबिंद आंखों की एक गंभीर बीमारी है, जिसमें आंख के अंदर का दबाव बढ़ने से ऑप्टिक नर्व को नुकसान पहुंचता है। यदि समय पर इसका इलाज नहीं किया जाए तो यह धीरे-धीरे व्यक्ति की दृष्टि को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस बीमारी के शुरुआती लक्षणों में साइड विजन (किनारे से दिखने वाली दृष्टि) में कमी, रोशनी के चारों ओर घेरा दिखाई देना और धीरे-धीरे दृष्टि कमजोर होना शामिल है। कई मामलों में आंखों में दर्द, सिरदर्द, मतली और धुंधला दिखाई देना भी इसके लक्षण हो सकते हैं।
विशेषज्ञों ने बताया कि ग्लूकोमा का इलाज दवाइयों, लेजर या सर्जरी के माध्यम से किया जा सकता है, लेकिन इससे खोई हुई दृष्टि वापस नहीं लाई जा सकती। इसलिए समय पर जांच और उपचार बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों, मधुमेह के मरीजों और जिनके परिवार में पहले से ग्लूकोमा का इतिहास रहा हो, उन्हें नियमित रूप से आंखों की जांच करानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे अपनी आंखों की नियमित जांच कराएं और दूसरों को भी इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करें, ताकि ग्लूकोमा से होने वाली दृष्टि हानि को रोका जा सके।

Jehanabad News: Awareness rally on ‘World Glaucoma Week’, emphasis on eye check-up and awareness.

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News