जहानाबाद ऐतिहासिक वाणावर पहाड़ श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पवित्र श्रावण माह में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बुधवार को जिला पदाधिकारी छिरिड वी.वाई. भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर मेले की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशासन ने बताया कि मखदुमपुर प्रखंड स्थित वाणावर पहाड़ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, शौचालय, हेल्प डेस्क, विश्राम स्थल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। गौ घाट, हथियाबोर और पाताल गंगा क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। पूरे मेला परिसर में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है और उनके साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल और प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

जिला प्रशासन ने बताया कि गुरुवार को श्रावणी मेले का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहाड़ के नीचे से मंदिर परिसर तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है, जिससे रात्रि में जलाभिषेक करने आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर के ऊपरी हिस्से में किसी भी प्रकार की दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी। सभी दुकानें पहाड़ के नीचे प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही संचालित की जाएंगी।
जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने, सहयोग बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से श्रावणी मेले में शामिल होकर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा बनने की अपील की।
Jehanabad News: Administration fully prepared for the Shravani Mela; extensive arrangements made for security and amenities at Vanawar Hill.



















