सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: बगाही गांव में 10 बीघा धान के कुंज में आगजनी, किसानों को लाखों का नुकसान


रतनी प्रखंड के बगाही गांव में अज्ञात लोगों द्वारा की गई आगजनी की घटना से किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। इस घटना में गांव निवासी मोहन सिंह राम, जी. शर्मा और लल्लन शर्मा के धान के कुंज में आग लगा दी गई, जिससे करीब 10 बीघा धान का कुंज जलकर पूरी तरह राख हो गया। आगजनी से किसानों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते धान के कुंज धू-धू कर जलने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज लपटों और हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। काफी मशक्कत और सामूहिक प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका।
इस घटना में किसानों की महीनों की कड़ी मेहनत कुछ ही पलों में नष्ट हो गई। पीड़ित किसानों ने बताया कि धान की बिक्री से वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने और आने वाले समय की जरूरतों को पूरा करने की योजना बना रहे थे, लेकिन आगजनी की इस घटना ने उन्हें गंभीर आर्थिक संकट में डाल दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि आग लगने की यह घटना प्राकृतिक नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई आगजनी प्रतीत होती है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा आग से हुए नुकसान के एवज में उचित मुआवजा देने की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Jehanabad News: A fire broke out in a 10-bigha paddy field in Bagahi village, causing losses worth lakhs to farmers.

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News