जहानाबाद जिले के काको प्रखंड अंतर्गत ग्राम लोदीपुर में सरस्वती पूजा के शुभ अवसर पर परंपरागत 72 घंटे का अखंड हरि कीर्तन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। यह परंपरा गांव में करीब सौ वर्षों से चली आ रही है, जिसका उद्देश्य गांव की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करना है।
अखंड कीर्तन को लेकर गांव में कई दिन पहले से ही तैयारी शुरू हो जाती है। ग्रामीण आपसी सहयोग से बैठकें करते हैं, चंदा एकत्रित करते हैं और एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाते हैं। इस आयोजन के दौरान गांव में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता का अनुपम उदाहरण देखने को मिला। 72 घंटे तक लगातार चले इस अखंड कीर्तन में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग—सभी भक्ति के रस में सराबोर नजर आए। पूरा गांव भक्तिमय माहौल में झूम उठा। कीर्तन के माध्यम से ग्रामीणों ने गांव की तरक्की, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द की कामना की।

अखंड कीर्तन के समापन के अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें न सिर्फ गांव के लोग बल्कि आसपास से गुजरने वाले राहगीरों को भी प्रसाद वितरित किया गया।
स्थानीय निवासी रंजीत कुमार ने बताया कि “हमारे दादा-परदादा के समय से यह अखंड हरि कीर्तन होता आ रहा है। इस बार भी 72 घंटे तक श्रद्धा भाव से कीर्तन किया गया और समापन के साथ भंडारे का आयोजन किया गया है। यह भंडारा सभी के लिए है—जो भी इस गांव से गुजरता है, उसे प्रसाद अवश्य दिया जाता है। हमारे गांव में हर वर्ग और हर जाति के लोग बिना किसी भेदभाव के मिलकर इस आयोजन को सफल बनाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि यह परंपरा गांव में शांति, समृद्धि और एकता बनाए रखने का माध्यम है और इसे आने वाली पीढ़ियों तक जीवित रखा जाएगा। साथ ही ग्रामीणों की यह भी कामना है कि गांव के बच्चे पढ़-लिखकर आगे बढ़ें और गांव का नाम रोशन करें।
Jehanabad News: 72 hours of continuous Hari Kirtan concluded in Lodipur village, a wonderful confluence of devotion and unity was seen.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












