जहानाबाद: जिले के रतनी प्रखंड क्षेत्र के दरोगा बिगहा गांव में करंट लगने से एक 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान दरोगा बिगहा गांव निवासी धर्मराज कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। वह जोगेंद्र कुमार का पुत्र बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार धर्मराज कुमार होली के अवसर पर गांव आया हुआ था। वह खेत की ओर शौच के लिए गया था। इसी दौरान खेत के पास लगे बिजली के पोल में लगे सपोर्टिंग तार में करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में इलाज के लिए रतनी के अस्पताल ले गए। वहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अमर शहीद जगदेव प्रसाद सदर अस्पताल, जहानाबाद रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने के दौरान ही उसकी हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में कई जगह बिजली के तार और पोल की सपोर्टिंग तार खुले और असुरक्षित हालत में हैं, जिससे अक्सर करंट फैलने का खतरा बना रहता है। बरसात के दिनों में यह समस्या और भी बढ़ जाती है। परिजनों ने बताया कि धर्मराज कुमार उनका इकलौता बेटा था और उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने इस मामले में बिजली विभाग की लापरवाही की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं गांव के पूर्व मुखिया अजय कुमार ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि खेत के पास लगे पोल के सपोर्टिंग तार में करंट आने से युवक इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
फिलहाल इस घटना को लेकर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Jehanabad News: 18-year-old youth dies due to electrocution, family members in turmoil
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












