
पाकिस्तान में आम चुनाव से पहले पूर्व प्रधानमंत्री तहरीक-ए-इंसाफ के मुखिया इमरान खान को कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई है। अदालत ने इमरान खान को सिफर मामले में यह सजा सुनाई है। इसके अलावा शाह महमूद कुरैशी को भी 10 साल की सजा सुनाई गई है। इमरान खान की पार्टी ने पुष्टि करते हुए बताया कि सिफर मामले में ये फैसला आया है। मंगलवार को रावलपिंडी में स्पेशल कोर्ट के जज ने अदियाला जेल में इसका एलान किया। इमरान और कुरैशी की मौजूदगी में ही जज अबुल हसनत जुल्करनैन ने यह फैसला सुनाया। पिछले साल से ही केस की सुनवाई अदियाला जेल में चल रही है। सुनवाई के दौरान जज जुल्करनैन ने पीटीआई नेताओं से कहा कि उनके वकील अदालत में पेश नहीं हुए हैं और उन्हें सरकारी वकील दिए गए हैं। अप्रैल 2022 में सरकार गिरने के बाद इमरान की तरफ से लगातार दावा किया गया कि उनकी सरकार गिराने के लिए अमेरिका और उस वक्त के आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा ने साजिश रची। खान का आरोप है कि उन्हें इस साजिश की जानकारी अमेरिका में उस वक्त के पाकिस्तानी एंबेसडर असद मजीद खान ने एक सीक्रेट लेटर के जरिए दी थी। इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह एक दिखावटी केस है। हमारी कानूनी टीम इस फैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती देगी और उम्मीद है कि इस सजा पर रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि यह जल्दबाजी में लिया गया फैसला है। डिप्लोमैटिक टर्म में इसी लेटर को सिफर कहा जाता है। यह सिफर अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट यानी फॉरेन मिनिस्ट्री की तरफ से पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय को भेजा गया था। इमरान इस लेटर को साल 2022 में कई चुनावी रैलियों में लहराते हुए नजर आए थे। उन्होंने दावा किया था कि उनकी सरकार को अमेरिका के इशारे पर फौज ने गिराया। कानूनी तौर पर ये लेटर एक नेशनल सीक्रेट होता है, जिसे सार्वजनिक जगह पर दिखाया नहीं जा सकता। इसके अलावा खान का एक ऑडियो टेप भी वायरल हुआ था। इसमें इमरान, उस वक्त के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और चीफ सेक्रेटरी आजम खान की आवाजें थीं। फोरेंसिक जांच में यह साबित हुआ कि ऑडियो सही है, इससे कोई छेड़छाड़ नहीं की गई थी। टेप में खान कुरैशी और आजम से कहते हैं- अब हम इस सायफर को रैलियों में दिखाकर इससे खेलेंगे। बता दें इमरान खान को 5 अगस्त 2023 को तोशाखाना मामले में 3 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी। इस्लामाबाद की ट्रायल कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए खान के 5 साल तक चुनाव लड़ने पर बैन लगा दिया था। इसके बाद लाहौर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
यह भी पढ़े: घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने उत्तर भारत का जनजीवन किया अस्त-व्यस्त, तीन दिन कोल्ड डे की बनी रहेगी स्थित
यह भी पढ़े: गौतम अडानी मुकेश अंबानी को पछाड़कर एक बार फिर भारत के सबसे रईस और विश्व में 12वें नंबर के बिजनेसमैन बने
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












