
एक बार फिर उत्तर भारत बारिश में भीगा हुआ है। दो दिनों से दिल्ली-एनसीआर से लेकर कई राज्यों में लगातार बारिश होने के बाद तापमान में भारी गिरावट आई है। अगले दो-तीन दिनों तक कई राज्यों में बारिश और बादल छाए रहेंगे। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। केदारनाथ में आज सीजन की पहली बर्फबारी हुई। यहां की चोटियों पर बर्फ देखने को मिली और रुक-रुककर बारिश जारी है। बारिश-बर्फबारी से धाम में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने देहरागून, हरिद्वार, नैनीताल, उधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश और बादल छाए हुए हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। बुधवार देर रात दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में बारिश देखने को मिली।मौसम विभाग के मुताबिक मानसून का टर्फ दिल्ली के पास बना हुआ है। इस सप्ताह दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश बनी रहेगी। 12 और 13 सितंबर को अच्छी बारिश होगी। इसके बाद भी अगले कुछ दिन बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। दिल्ली में अब तक 913.1 एमएम बारिश हो चुकी है। इनमें से 80 एमएम बारिश हो चुकी है। इसके साथ आईएमडी ने 12 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार,उत्तराखंड में 14 सितंबर तक बारिश की संभावना है। बिहार के 18 जिलों में आज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में बारिश का सिलसिला अगले तीन-चार दिनों तक देखने को मिलेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। मौसम विभाग ने राजस्थान में 7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इधर, भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए गुरुवार को अजमेर और धौलपुर जिले में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। बुधवार को धौलपुर, झालावाड़ समेत कई जिलों में 6 इंच तक बरसात हुई। लखनऊ-झांसी समेत यूपी के 10 से ज्यादा जिलों में सुबह से बारिश हो रही है। झांसी-जालौन में 36 घंटे से लगातार बारिश का दौर जारी है। झांसी में बारिश से कॉलोनियों में कमर तक पानी भर गया। कार-बाइक पानी में डूब गईं। घरों में भी पानी घुस गया। 8 जिलों में स्कूल बंद है। वहीं हिमाचल प्रदेश में फ्रैश वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इससे अगले 48 घंटे के दौरान 8 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, सिरमौर और किन्नौर में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड की घटनाएं पेश आ सकती है। परसो यानी 14 सितंबर से मौसम साफ रहने का अनुमान है।मध्य प्रदेश में आज भिंड, शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट है। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत 29 जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। आज भोपाल में 5वीं क्लास, जबकि सागर, गुना, शिवपुरी, मुरैना और भिंड में 8वीं तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












