
उत्तराखंड के कई महत्वपूर्ण शहरों में अगले महीने की शुरुआत में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने जा रही है।राज्य के सात शहरों में 7 अक्टूबर से शुरू होने वाली हवाई सेवा के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। बता दें कि नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हेली सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय से वर्चुअल माध्यम से नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ उत्तराखंड में हवाई सेवाओं को बढ़ाने के संबंध में हुई महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया। सिंधिया ने कहा कि सात अक्तूबर को जौलीग्रांट में बने नए टर्मिनल का लोकार्पण किया जाएगा। देहरादून-पंतनगर-पिथौरागढ़-पंतनगर-देहरादून हवाई सेवा को फ्लैग ऑफ भी किया जाएगा। यह सेवा पवन हंस की ओर से दी जाएगी। देहरादून-पिथौरागढ़ हेली सेवा को जल्द स्वीकृति दी जाएगी। इस मौके पर नागरिक उड्डयन सचिव दिलीप जावलकर, अपर सचिव स्वाति एस भदौरिया भी मौजूद रहे।
यह होंगे हेली सेवा का रूट–
देहरादून-श्रीनगर-देहरादून, देहरादून-गौचर-देहरादून, हल्द्वानी-हरिद्वार-हल्द्वानी, पंतनगर-पिथौरागढ़-पंतनगर, चिन्यालीसौड़ -सहस्त्रधारा-चिन्यालीयौड़, गौचर-सहस्त्रधारा-गौचर, हल्द्वानी-धारचूला-हल्द्वानी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












